कोरोना से बचाव को लेकर अवश्य कराएँ टीकाकरण : सत्यानंद भोक्ता

चतरा : कोविड 19 की रोकथाम और शत प्रतिशत टीकाकरण हेतु झारखंड़ सरकार की ओर से व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सरकार के मंत्री भी कोविड वैक्सीनेशन को लेकर जागरुकता अभियान चलाने में भागीदारी निभा रहे हैं। आज श्रम नियोजन एवं कौशल विकास विभाग मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने चतरा में जागरूकता अभियान चलाया। अभियान में ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय भाषा में जन जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया जा रहा है। कोविड के क्या लक्षण होते है और उनका ईलाज कहा पर किया जा रहा है साथ ही प्रदेश सरकार के द्वारा नागरिकों को क्या सुविधाएं दी जा रहीं है इसको लेकर जानकारियां दी गई। चतरा विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए की जा रही कार्यवाही का भी जायजा लिया।

मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि 14 मई से 18 साल से ज्यादा आयु के लोगों को वैक्सीन दी जा रही है। लोगों को किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है। शहर के सरकारी अस्पताल से लेकर सभी प्रखंड स्वास्थ्य परिसर में वैक्सीन कैंप की शुरुआत की गई है। मंत्री ने लोगों से अपील की कि अपने निकट के वैक्सीन कैंप में आकर जरूर कोविड वैक्सीनेशन कराएं, ताकि कोरोना संक्रमण की चैन को तोड़ा जा सके। कोरोना के खिलाफ इस जंग में जनजागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। ग्रामीण क्षेत्रों में जनता को जागरूक करने की जिम्मेवारी हम सभी को निभानी होगी। उन्होंने बताया की अभियान के दौरान आम लोगों तक पहुंच टीकाकरण की जानकारी देने के साथ ही इसको लेकर फैलाई जा रही अफवाह से दूर रहने की बात कही गई। वहीं जागरूकता अभियान के दौरान लोगों से मास्क लगाने, समय-समय पर सेनेटाइजर का उपयोग करने और सामाजिक दूरी का पालन करने की भी अपील की गई।