Headlines

Lok Sabha Elections: रांची सीट से नामांकन करने पहुंचे देवेंद्र महतो गिरफ्तार..

आज रांची लोकसभा सीट के रांची समाहरणालय में अचानक उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब JBKSS के रांची लोकसभा सीट से प्रत्याशी देवेन्द्र महतो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। पर इन सबके बीच देवेन्द्र महतो ने रांची लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल कर लिया। जानकारी के अनुसार देवेन्द्र महतो के गिरफ्तार होने के बाद उसके प्रस्तावक के द्वारा देवेन्द्र का साइन लेकर नामांकन दाखिल कर दिया गया।

गिरफ्तारी के बाद लोकसभा प्रत्याशी देवेंद्र महतो ने कहा कि वह जैसे ही नॉमिनेशन करने के लिए समाहरणालय पहुंचे, उन्हें नॉमिनेशन नहीं करने दिया गया। पुलिस ने जबरन समाहरणालय परिसर से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। देवेंद्र महतो ने कांग्रेस और भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह स्पष्ट रूप से लोकतंत्र की हत्या है। उन्हें नॉमिनेशन नहीं करने दिया जा रहा है, लेकिन जनता सच्चाई से वाकिफ है। लोकसभा चुनाव में रांची की जनता जवाब जरूर देगी।

गिरिडीह सीट से नामांकन दाखिल करने के बाद जयराम ट्रेसलेस..
दूसरी तरफ गिरिडीह लोकसभा सीट के लिए जेबीकेएसएस के अध्यक्ष जयराम महतो ने बुधवार 1 मई को नामांकन दाखिल किया था। बोकारो में निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष उन्होंने नामांकन का पर्चा दाखिल किया। इसके बाद उनके बाहर निकलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। जिसके बाद जयराम महतो की ओर से आग्रह किया गया कि चास में उनकी चुनावी सभा है, उसमें भाग लेने की इजाजत दी जाए, उसके बाद पुलिस गिरफ्तार कर ले। लेकिन चास मैदान में जयराम महतो चुनावी जनसभा को संबोधित करने के बाद आराम से अपने समर्थकों के साथ कहीं चले गए। इस दौरान लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस की ओर से किसी तरह का बल प्रयोग नहीं किया गया। इसके बाद से अब तक जयराम महतो का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।