झारखंड में कोरोना के 125 नए केस..

देशभर में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर झारखंड में भी सावधानी जरूरी है, क्योंकि राज्य में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि पिछले बीस दिनों में यहां कोरोना के एक्टिव केस छह गुना बढ़ गए हैं। यहां 20 जून तक कोरोना के एक्टिव केस की संख्या सौ के आसपास थी जो अब बढ़कर 600 से अधिक हो गई है। राज्य में पिछले तीन दिनों से कोरोना के नए मामले सौ से अधिक संख्या में मिल रहे हैं।

आज मिले 125 कोरोना संक्रमित
शनिवार को झारखंड में 7,416 लोगों की कोरोना संक्रमण की जांच हुई, जिनमें 125 लोग वायरस से संक्रमित पाए गए। इससे पहले गुरुवार व शुक्रवार को भी यहां क्रमश: 102 तथा 132 की संख्या में नए संक्रमित मिले थे। राज्य में वर्तमान में कोरोना के अधिक मामले रांची, पूर्वी सिंहभूम, देवघर, हजारीबाग में हैं। हालांकि छिटपुट संख्या में ही सही, कई अन्य जिलों में भी संक्रमण पहुंच गया है। वर्तमान में सिर्फ गढ़वा, साहिबगंज, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा तथा पाकुड़ में ही कोई एक्टिव केस नहीं है।

रांची में 200 एक्टिव केस
रांची में जहां एक्टिव केस की संख्या अब 200 से भी अधिक हो गई है, वहीं पूर्वी सिंहभूम में भी ऐसे मरीजों की संख्या बढ़कर 124 हो गई है। देवघर में भी एक्टिव केस की संख्या 50 से अधिक है। पूरे राज्य की बात करें तो एक्टिव केस की संख्या बढ़कर अब 602 हो गई है। इधर, हाल के दिनों में रांची में दो तथा जमशेदपुर में एक कोरोना मरीज की मौत भी हुई है। हालांकि तीनों मरीज वृद्ध थे तथा कई अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *