आज झारखंड को मिलेंगें 2.57 लाख कोविशील्ड वैक्सीन, टीकाकरण के रफ्तार में आएगी गति..

रांची : झारखंड में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन नहीं मिलने के कारण कई बार टीकाकरण अभियान प्रभावित हुआ है। अभी तक जिलों में बची हुई वैक्सीन से काम चलाया जा रहा है। इस बीच झारखंड के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। झारखंड को सोमवार को कोविशिल्ड वैक्सीन की 2 लाख 57 हजार 790 डोज मिलेगी। ऐसे में अब टीकाकरण सामान्य हो सकेगा। टीकाकरण के रफ्तार को थोड़ी गति मिलेगी। राज्य सरकार के अनुरोध के बाद केंद्र सरकार के निर्देश पर सीरम इंस्टीट्यूट ने सोमवार को वैक्सीन भेजने पर सहमति जताई है।

पहले यह वैक्सीन झारखंड में 15 जुलाई को आनेवाली थी। लेकिन अब वैक्सीन आज 12 जुलाई सोमवार को दोपहर डेढ़ बजे तक ही झारखंड पहुंच जाएगी। सभी जिलों को इसकी सूचना भेज दी गई है। हालांकि सोमवार को टीकाकरण सीमित ही रहेगा। मंगलवार से स्थिति ठीक हो जाएगी। रामगढ़ में टीकाकरण ठप पड़ा है। बोकारो और हजारीबाग में 50 या इससे कम लोगों का टीकाकरण हो पाया है। चतरा में 4 लोगों को दूसरी डोज लगी है। जामताड़ा, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम में 60 से कम लोगों को दूसरी डोज मिली है।

बता दें की जुलाई महीने में पिछले 11 दिनों से टीकाकरण काफी प्रभावित हुआ है। सरकारी टीका केंद्रो पर वैक्सीन नहीं होने के कारण लोगों को बिना टीका लिए लौटना पड़ा है। रविवार को भी वैक्सीन की कमी के कारण कई टीकाकरण केंद्र बंद रहे थे।