रांची ट्रैफिक पुलिस की नई पहल, लोगों से की फोन पर जाम लगने के बारे में बताने की अपील..

रांची : राजधानी रांची में सड़कों पर जाम लगना अब आम हो गया है। आए दिन लोग सड़क जाम से परेशान रहते हैं। ट्रैफिक के कारण वाहन भी रेंगती नजर आती है। लोगों का समय भी बर्बाद होता है। अब ऐसे मामलो को लेकर रांची के ट्रैफिक एसपी ने नई पहल शुरू की है। ट्रैफिक एसपी ने आम जनता से अपील की है। उन्होंने लोगों से अपील कर कहा है कि जाम लगने की वजह बताएं ताकि उसे दूर कर ट्रैफिक को बेहतर बनाया जा सके।

रांची के ट्रैफिक एसपी के मुताबिक उन्होंने पूरे रांची शहर का जायजा लिया है। कुछ ऐसे स्थानों को भी चिन्हित किया गया है, जहां बहुत ज्यादा जाम की स्थिति बनती है। वैसे इलाकों में अतिरिक्त जवानों को तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही ट्रैफिक एसपी अंजनी अंजन के अनुसार शहर के कई ऐसे इलाके हैं, जो अति व्यस्त है और वहां जहां जाम अक्सर लगा करता है लेकिन वहां ट्रैफिक जवानों की पदस्थापना नहीं रहती है। वैसे स्थानों को चयनित कर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। गली मोहल्ले में अगर बहुत ज्यादा ट्रैफिक जाम की शिकायत होती है तो वहां के आम लोग फोन कर उसके बारे में जानकारी दे सकते हैं ताकि नजदीक ट्रैफिक पोस्ट का कर्मी उसका समाधान कर सके।

वहीं इधर रांची मेयर डॉक्टर आशा लकड़ा ने शनिवार को वार्ड 38 और 34 में दो अलग-अलग योजनाओं का शिलान्यास किया। इस क्रम में उन्होंने वार्ड 38 स्थित सखुआ बागान में 1400 फीट पीसीसी पथ का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि लगभग 20 लाख की लागत से पीसीसी पथ का निर्माण होगा। इस अवसर पर वार्ड पार्षद दीपक कोहरा, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता अजय मुंडा, पूर्व मंडल अध्यक्ष कामेश्वर और धनंजय समेत कई पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे। इसके साथ ही मेयर ने वार्ड 34 स्थित साईं विहार कॉलोनी में 120 फीट नाली,1500 फीट सड़क और दो कलवर्ट के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि इस योजना की लागत लगभग 20 लाख है। इस अवसर पर वार्ड पार्षद विनोद सिंह, संजय जायसवाल, ललित ओझा, शशांक, चंदन समेत मोहल्ले के लोग उपस्थित थे।