अब संस्कारों में भी स्वच्छता, रांची में हुआ पहला जीरो वेस्ट शादी समारोह..

प्लास्टिक पर्यावरण के लिए आज के दौर की सबसे बड़ी चुनौती है। यह एक नॉन-बायोग्रेडिबल पदार्थ है एवं प्लास्टिक के उपयोग करने से भारी मात्रा में अपशिष्ट इकट्ठा हो जाता है। प्लास्टिक हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है इसने हमारे जीवन को आसान बना दिया है, किराने की थैलियों, शैम्पू की बोतलों, चिप्स का पैकेट, पानी की बोतलों यहां तक कि रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तमाल होने वाली हरेक चीजों में प्लास्टिक का इस्तमाल होता है। रांची नगर निगम द्वारा इन सभी दुष्परिणामों को ध्यान में रखते हुए एक नई और अनोखा पहल की है। रांची नगर निगम ने बुधवार को एक जीरो वेस्ट शादी के कार्यक्रम का आयोजन किया। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के तहत रांची नगर निगम द्वारा इस जीरो वेस्ट इवेट का आयोजन किया गया। रांची नगर निगम की टीम ने शादी समारोह में दोनों परिवारों से सहमति ली एवं रिसेप्शन पार्टी में जीरो वेस्ट कार्यक्रम का आयोजन करने का निर्णय लिया।

बैंकर आशुतोष मिंज और दीपशिखा तिर्की की शादी के उपलक्ष्य में आयोजित शहर की यह पहली ‘जीरो वेस्ट’ पार्टी सैटेलाइट चौक स्थित एक बैंक्वेट हॉल में संपन्न हुई। रांची नगर निगम के सिटी मैनेजर्स की टीम ने इसके लिए वर-वधू दोनों के परिजनों से संपर्क साधा और इस बात के लिए राजी कराया कि पार्टी का आयोजन इस तरह हो कि पर्यावरण को कोई नुकसान न पहुंचे। दोनों पक्षों की सहमति के अनुसार पार्टी में मिट्टी और कागज के बने प्लेट, कटोरी और ग्लास का उपयोग किया गया।

रिसेप्शन पार्टी में मिट्टी एवं कागज की कटलरी का इस्तेमाल किया गया। साथ ही समारोह स्थल पर वेस्ट कंपोस्टर मशीन भी लगाया गया ताकि बचे हुए गीला कचरा को कम्पोस्ट किया जा सके। मौके पर यह भी खास ध्यान दिया गया कि शादी में कोई भी प्लास्टिक के समान का इस्तमाल नहीं किया जाए। इस जीरो वेस्ट कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के साथ साथ यह बताया जा सके कि अगर हम चाहे तो प्लास्टिक को अपनी जीवन शैली से हटा सकते हैं। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी लोगो ने रांची नगर निगम के इस पहल की सराहना की और आश्वासन दिया कि अब भविष्य में उनके द्वारा भी प्लास्टिक का कम से कम इस्तमाल किया जाएगा और रांची को ज़ीरो वेस्ट शहर बनाया जाएगा।