रांची: फ्रिडम टू वॉक एंड साइक्लिंग कैंपेन की शुरुआत..

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय और स्मार्ट सिटी मिशन लगातार देश के शहरों में साइक्लिंग और वॉकिंग को प्रोत्साहित कर लोगों के साथ-साथ शहरों की सेहत को भी सुधारने का प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने फ्रिडम टू वॉक एंड साइक्लिंग कैंपेन फेज वन की शुरुआत की थी। इस कैंपेन को आगे बढ़ाते हुए अब इंटर सिटी फ्रिडम टू वॉक एंड साइकिल कैंपेन फॉर सिटीजन की शुरुआत हो रही है। एक जनवरी 2022 से 26 जनवरी 2022 के बीच इस प्रतिस्पर्द्धा का आयोजन देश के स्मार्ट शहरों के बीच होगा। इसके लिए रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन ने भी निबंधन के लिए लिंक जारी किया है। इस लिंक के माध्यम से बड़ी संख्या में रांची के नागरिकों से खुद को निबंधित करने का आग्रह भी किया गया है।

पंजीकरण लिंक – Freedom 2 Walk & Cycle Challenge

जो व्यक्ति प्रतिदिन टहलते हैं या साइक्लिंग करते हैं, उन्हें ज्यादा कुछ नहीं करते हुए केवल इस लिंक पर जाकर खुद को निबंधित करना है और वॉकिंग तथा साइक्लिंग के वक्त मोबाइल का नेट, ब्लूटूथ और जीपीएस ऑन रखना है, जिससे उनके द्वारा टहलने और साइक्लिंग के वक्त तय की गई दूरी को रिकॉर्ड किया जा सके। निबंधन कराने वाले सभी नागरिकों द्वारा तय की गई दूरी का हिसाब किताब एप और सॉफ्टवेयर के माध्यम से नई दिल्ली में मौजूद टीम रखेगी। नागरिकों द्वारा तय की गई कुल दूरी को निकालकर सबसे ज्यादा पैदल चलनेवाले नागरिकों के शहर और सबसे ज्यादा साइकिल चलानेवाले नागरिकों के शहर को सम्मानित किया जाएगा।

रांची की ओर से बड़ी संख्या में नागरिकों के निबंधन के लिए सोशल मीडिया कैंपेन भी चलाया जा रहा है और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से भी संपर्क साधा जा रहा है। स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन की कोशिश है कि रांची से बड़ी संख्या में लोग इस प्रतिस्पर्द्धा में शामील हों और अपने शहर को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलायी जाए। प्रतिस्पर्द्धा में भाग लेनेवाले उस हर नागरिक को डिकैथलॉन के द्वारा ऑटो जेनरेटेड सर्टिफिकेट भी एप के माध्यम से मिलेगा, अगर वो 26 दिनों में कम से कम न्यूनतम दूरी तय करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *