कोरोना संक्रमण के क्रिटिकल स्टेज से बाहर निकला झारखंड, एक लाख की आबादी पर अब 14 मरीज..

झारखंड के लिए राहत भरी खबर है| कोरोना संक्रमण के क्रिटिकल स्टेज से झारखंडराज्य अब बाहर आ गया है। भारतीय चिकित्सा अनुसांधन परिषद (आइसीएमआर) के मानकों के अनुसार किसी राज्य या जिले में एक लाख की आबादी पर 15 से अधिक सक्रिय मरीज (एक्टिव केस) होने पर उसे क्रिटिकल माना जाता है। इसके तहत झारखंड अब इस दायरे से बाहर निकल चुका है। यहां राज्य की एक लाख की आबादी पर अब एक्टिव केस की संख्या घटकर 14 हो गई है।

झारखंड में अब चार जिले ही ऐसे रह गए हैं जहां एक लाख की आबादी पर 15 से अधिक मरीज संक्रमित हैं। इनमें रांची, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम तथा सरायकेला खरसावां शामिल हैं। इन चार जिलों को छोड़कर, बाकी सभी जिले क्रिटिकल स्टेज से बाहर निकल गए हैं। इन जिलों में एक लाख की आबादी पर एक्टिव केस 15 से कम हैं। गिरिडीह तथा पलामू में इतनी आबादी पर सबसे कम महज दो-दो सक्रिय मरीज ही हैं, जबकि रांची तथा पूर्वी सिंहभूम में सबसे अधिक 51-51 सक्रिय मरीज हैं।

बात करें विभिन्न राज्यों की तो बीस बड़े राज्यों में सिर्फ बिहार, यूपी, मध्य प्रदेश ही क्रिटिकल स्टेज से बाहर आ सके हैं। अन्य सभी बड़े राज्य अभी भी क्रिटिकल स्टेज में ही हैं। कई बड़े राज्यों में अभी भी एक लाख की आबादी में सौ से अधिक सक्रिय मरीज हैं। बता दें कि एक नवंबर तक झारखंड में कोरोना के 1,02,087 मामले सामने आए हैं, जिनमें 95,973 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में अब 5,209 मरीज संक्रमित हैं।

झारखंड के जिलों में एक लाख की आबादी पर एक्टिव केस..
रांची : 51, पूर्वी सिंहभूम : 51, खूंटी : 16, सरायकेला खरसावां : 16, धनबाद : 14, लोहरदगा : 14, बोकारो : 13, सिमडेगा : 10, गुमला : 09, देवघर : 07, जामताड़ा : 07, रामगढ़ : 07, गढ़वा : 06, दुमका : 05, पाकुड़ : 05, पश्चिमी सिंहभूम : 05, कोडरमा : 04, चतरा : 04, हजारीबाग : 04, लातेहार : 03, गोड्डा : 03, साहिबगंज : 03, गिरिडीह : 02, पलामू : 02

राज्यों में एक लाख की आबादी पर कितने एक्टिव केस..
आंध्र प्रदेश : 453, केरल : 255, दिल्ली : 172, महाराष्ट्र : 102, कर्नाटक : 77, तेलंगाना : 49, प. बंगाल : 32, ओडिशा : 32, तमिलनाडु : 27, असम : 25, राजस्थान : 19, उत्तर प्रदेश : 10, बिहार : 06