बोकारो के ठाकुरबांध तालाब से मिला तीन बच्चों का शव, पानी में डूबने से हुई मौत..

शुक्रवार को बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के रामडीह पंचायत के ठाकुरबांध तालाब से तीसरे बच्चे का भी शव बरामद कर लिया गया है। शव की पहचान 12 वर्षीया पियूष कुमार के रूप में हुई है। वहीं, गुरुवार को इसी तालाब से दो और बच्चों का शव बरामद हुआ था। तीनों बच्चे दोस्त थे और साथ में तालाब में नहाने गए थे।

पियूष सेक्टर – 9 का निवासी था। शव मिलते ही पियूष के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक के पिता विवेक कुमार का कहना है कि पियूष घर से अपने दोस्तों के साथ खेलने निकला था लेकिन घर वापस नहीं आया। उससे ढूंढ़ने कि कोशिश की गयी लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। वहीं गुरुवार को जो दो अन्य बच्चो के शव बरामद किये गए उनकी शिनाख्त शुभम (14) और गौतम कुमार (12) के रूप में की गयी है।

आपको बता दें कि तालाब में डूबे तीनों बच्चे सुबह तकरीबन 11 बजे स्नान करने गए थे। गुरूवार को बच्चों की साइकिल और चप्पल मिलने के बाद खोजबीन शुरू हुई। साथ ही खोजी कुत्ते से भी बच्चों की तलाश की गयी। बाद में स्थानीय गोताखोरों की सहायता से दो बच्चों का शव बरामद किया गया। हालांकि रात हो जाने की वजह से तीसरे बच्चे को शव तालाब से नहीं निकाला जा सका। जिसके बाद शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे तीसरे बच्चे का शव निकाला गया।