झारखंड में आज कोरोना से संक्रमित 5961 नए मरीज मिले, 4002 ​हुए स्वस्थ; 120 मौतें..

झारखंड में शुक्रवार को कोरोना के 5,961 नए मरीज मिले। हालांकि राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 4002 मरीज स्वस्थ भी हुए। पूरे राज्य में 24 घंटे के भीतर 120 मरीजों की मौत इलाज के क्रम में हो गई। रांची में शुक्रवार को 1,297 नए संक्रमित की पहचान हुई। वहीं, 663 मरीज स्वस्थ भी हुए। आज भी यहां 45 मरीजों की मौत हो गई।

रोज मिले रहे 5000 से अधिक कोरोना संक्रमित..
झारखंड में नौ दिनों से लगातार पांच हजार से अधिक कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। 21 अप्रैल से लगातार यह स्थिति बनी हुई है। हालांकि इस बीच बड़ी संख्या में संक्रमित स्वस्थ भी हो रहे हैं। कोरोना संक्रमण में झारखंड की स्थिति का अंदाजा इससे लगा सकते हैं कि यह उन पांच राज्यों में अभी भी शामिल है, जहां कोरोना का संक्रमण अधिक है।

बात करते हैं कि कोरोना के संक्रमण की स्थिति का आकलन करनेवाले मापदंडों में शामिल औसत वृद्धि दर की। झारखंड में प्रतिदिन यह औसत वृद्धि तीन फीसद है। इसका मतलब यह कि राज्य में अबतक कोरोना के मिले कुल मामले में प्रत्येक सौ में तीन मामले रोज बढ़ रहे हैं। जैसे, राज्य में अबतक कोरोना के कुल मामले 2,27,450 सामने आए हैं। इस तरह, इसके तीन फीसद अर्थात औसत 6,823 मरीज रोज बढ़ रहे हैं। पूरे देश में झारखंड के अलावा चार अन्य राज्य ही ऐसे हैं जहां संक्रमण की औसत वृद्धि दर तीन फीसद है। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान तथा उत्तराखंड शामिल हैं। पंद्रह दिन पूर्व झारखंड में यह दर दो फीसद ही थी तथा उस समय छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश तथा उत्तर प्रदेश में यह दर दो से तीन फीसद तक थी।