Headlines

गुमला में भाजपा विधायक के साले की गोली मारकर हत्या..

Jharkhand Updates

झारखंड के गुमला के बसिया में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे पॉवर ग्रिड के समीप तोरपा के भाजपा विधायक कोचे मुंडा के साला संतोष कुमार मुंडा (35) की हत्या गोली मारकर हत्यारों ने कर दी। गोली मारने वाले शूटरों की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक संतोष कुमार मुंडा प्रतिदिन सुबह शौच के लिए अपने खेत की ओर जाता था। शुक्रवार को सुबह भी शौच के लिए अपने मोटरसाइकिल से अपने खेत की ओर बिजली पावर ग्रिड के समीप गया था। इसी दौरान घात लगाए हत्यारों ने संतोष को घेर लिया और गोली मार दी।

गोली उसके पेट में लगी। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनते ही युवक खेत की ओर भागे। जहां देखा कि संतोष खेत पर गिरा हुआ था। इससे पहले की उसे अस्पताल ले जाते। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी। हालांकि हत्यारों का पता पुलिस अभी नहीं लगा पाई है।

शुरुआती जांच में पुलिस इसे जमीन विवाद का मामला मान रही है तो स्थानीय लोग इसे आपसी रंजिश बता रहे हैं। संतोष बसिया बस्ती में नया पेट्रोल पंप खोलने की तैयारी में थे। जमीन चिन्हित करने के बाद इसके शुरुआत के लिए काम भी प्रारंभ कर दिए गए थे। मर्डर को इससे भी जोड़कर देखा जा रहा है।

संतोष मुंडा की हत्या से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। संतोष की एक चार साल की बेटी और डेढ़ साल का बेटा है। घटना से अंजान दोनों मासूम अपनी मां और अन्य घरवालों को रोते देखकर खुद भी रोने लग रहे थे। संतोष को जाननेवालों ने बताया कि वह काफी मिलनसार और सरल स्वभाव का युवक था। मृतक की पत्नी विजयलक्ष्मी केरकेट्टा कन्या मध्य विद्यालय बसिया में शिक्षका है। इस हत्याकांड से पूरा इलाका स्तब्ध है। थाना प्रभारी अनिल लिंडा ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से शव को अपने कब्जे में ले लिया है। हत्याकांड की तहकीकात की जा रही है।