रांची को मिला Smart City Leadership Award , बेहतर कार्य कुशलता के लिए मिला यह अवॉर्ड..

रांची : केंद्र सरकार ने स्मार्ट सिटी मिशन की छठवीं वर्षगांठ के मौके पर रांची को स्मार्ट सिटी लीडरशिप अवार्ड से नवाजा है। बता दें कि भारत सरकार के केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने India Smart Cities Award Contest 2020 घोषणा की। इसमें रांची स्मार्ट सिटी को यह अवॉर्ड दिया गया। शुक्रवार को नई दिल्ली से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्मार्ट सिटी मिशन की छठी वर्षगांठ के मौके पर भारत सरकार के केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह और केंद्रीय सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा की मौजूदगी में इस अवॉर्ड की घोषणा की गई।

रांची को यह अवार्ड इसके बेहतर कार्य कुशलता, वित्तीय प्रबंधन और उपयोगिता के एवज में मिला है। बता दे कि योजनाओं के क्रियान्वयन में वर्तमान में रांची देश के 100 शहरों में 11वें स्थान पर है और दूसरी तरफ राज्यों की श्रेणी में झारखंड प्रथम स्थान पर है। कई बार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी रांची स्मार्ट सिटी के कार्यों की प्रशंसा की है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि रांची जन आकांक्षाओं के अनुरूप विकसित होगी। इसके विकास में जन भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए समय-समय पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का मार्गदर्शन और दिशा निर्देश रांची स्मार्ट सिटी को प्राप्त होता रहा है।