झारखंड के जमशेदपुर को सड़क परियोजनाओं की सौग़ात..

झारखंड के जमशेदपुर को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 10 बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात दी। बता दें की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को जमशेदपुर में 220 किलोमीटर की 10 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जो 3843 करोड़ रुपए की लागत में बनने वाली है। नितिन गडकरी ने जमशेदपुर के गोपाल मैदान में आयोजित समारोह में जनता को संबोधित करते हुए कहा की जमशेदपुर में देश के पहले डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर को स्थापित किया जा रहा है। संबोधन करते हुए नितिन गडकरी ने घोषणा की कि साल 2024 के अंत तक झारखंड में सड़क परियोजनाओं के लिए 2 लाख करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

झारखंड में एनएच 250 से बढ़कर 4 हजार किलोमीटर से अधिक हुई

नितिन गडकरी ने कहा कि झारखंड वन संपदा और खनिज से परिपूर्ण राज्य है साथ ही देश के विकास में झारखंड का बड़ा योगदान है। इतना ही नहीं यहां से पूरे देश को कोयला मिलता है। ऐसे में यह जरूरी है कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिले। उद्योग के काम स्थापित होंगे और पूंजी आएगी, जिसके वजह से झारखंड में गरीबी दूर होगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य को आगे बढ़ने के लिए इंस्डस्टी स्थापित करने की जरूरत होती है और किसी भी इंडस्ट्री को लाने के लिए वाटर, पावर, रोड और कम्युनिकेशन जरूरी है। जब से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी है, तब से इस क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। झारखंड में पहले 200 से 250 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग थी, जो अब बढ़कर 4000 किलोमीटर से अधिक हो गई है।

रांची-जमशेदपुर का सफर डेढ़ से पौने दो घंटे में होगा पूरा

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले वे जब झारखंड आते थे, तो हर बार रांची-जमशेदपुर रोड की बात सामने आती थी। इस सड़क निर्माण में इतनी कठिनाईयां आई, कि इस पर किताब लिखी जा सकती हैं। अब ये सड़क बन चुकी हैं। अब लोग ढ़ाई घंटे में जमशेदपुर आराम से पहुंच जा रहे हैं। वहीं डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर बन जाने से डेढ़ से पौने दो घंटे में रांची से जमशेदपुर पहुंचना संभव हो पाएगा। उन्होंने कहा कि रांची-वाराणसी इकोनॉमिक कॉरिडोर पर 7000 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जबकि चार ग्रीन इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण भी तेजी से पूरा किया जा रहा हैं, इसमें धनबाद-रायपुर कॉरिडोर भी शामिल है।