बोकारो के प्रेम कुमार का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में हुआ दर्ज..

बोकारो के प्रेम कुमार का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ है। उन्होंने महज 19 साल की उम्र में जावा भाषा पर “गेटिंग इनसाइड जावा” नामक पुस्तक न सिर्फ लिखी बल्कि स्वयं प्रकाशित भी की। प्रेम की इसी उपलब्धि पर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया है। बोकारो के चास स्थित बंधगोरा साइट के रहने वाले प्रेम कुमार ने हाल ही में सिल्ली पॉलिटेक्निक, सिल्ली से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में डिप्लोमा पूरा किया है। वे अपनी किताब “गेटिंग इनसाइड जावा” (आईएसबीएन 978-16-37818-67-1) तब से लिख रहे थे जब वह डिप्लोमा के दूसरे वर्ष में थे और उन्होंने किताब को 1 साल 2 महीने के भीतर पूरा किया साथ ही इसे जनवरी 2021 को प्रकाशित किया। सिर्फ 19 साल 3 महीने की उम्र में एक प्रोग्रामिंग पुस्तक लिखकर, वे “प्रोग्रामिंग पुस्तक प्रकाशित करने वाले सबसे कम उम्र के लेखक” बन गए हैं। विगत 17 जून, 2021 को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में उनके रिकॉर्ड की पुष्टि की।

प्रेम अपने माता-पिता के साथ अभी बोकारो में ही रहते हैं। उनके पिता डॉ. राजन महतो का कहना है कि हर माता-पिता का सपना होता है कि उनके बच्चों के नाम से उन्हें जाना जाए और हमें यह देखने को मिल गया। हमारे घर के संस्कारों की छांव में पले-बढे प्रेम यह किताब लिखने के बाद सबसे कम उम्र प्रोग्रामिंग पुस्तक लेखक और प्रकाशक बन गए हैं। उनका नाम अब इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुका है। प्रेम ने इस किताब को महज 1 साल 2 महीने में लिख दिया था। किताब में उसकी उर्वर कल्पना स्पष्ट दिखती है।