Headlines

झारखंड में फिर होगी भारी बारिश, यलो अलर्ट जारी..

yellow alert

झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। 10 से 12 अगस्त तक झारखंड के 14 जिले में भारी बारिश की संभावना है। इसको लेकर मौसम केंद्र की ओर से यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, रांची, गुमला, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज में भारी बारिश के आसार हैं। वहीं 10 और 11 अगस्त को सराकेला-खरसावां, खूंटी, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो समेत कुछ अन्य स्थान पर अति भारी बारिश हो सकती है।

इधर, शनिवार को हुई झमाझम बारिश से राजधानी की प्रमुख सड़कों में जलजमाव की स्थिति बन गयी। कई मोहल्ले में तो बारिश का पानी घरों में भी घुस गया। सेवा सदन के समीप व अरगोड़ा चौक से पहले सड़क पर तीन फुट तक पानी जमा हो गया। जयपाल सिंह स्टेडियम के सामने, करमटोली चौक के पास, थड़पखना, चेशायर होम रोड में आलू गोदाम के पास, बूटी मोड़ के समीप भी सड़क पर भारी जलजमाव हो गया। वहीं, अरगोड़ा की कुंज विहार कॉलोनी का हाल बेहाल हो गया। राज्य में पिछले 24 घंटे के अंदर सबसे ज्यादा लोहरदगा में 108.0 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा रांची में 107.8, जमशेदपुर में 80.4, मैथन में 59.2, चांडिल में 53.0, हजारीबाग में 46.0 और लातेहार में 41.8 मिमी बारिश हुई।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मध्य प्रदेश के उत्तर पूर्वी क्षेत्र में साइक्लोनिक सरकुलेशन बना हुआ है। इसके प्रभाव से डालटनगंज से होकर टर्फ लाइन आगे तक गया है। इस वजह से रांची समेत राज्य के मध्य और दक्षिणी के विभिन्न इलाके में बारिश हो रही है। वहीं अभी मानसून फिरोजपुर, हिसार, पटना, मालदा से होकर अरुणाचल प्रदेश तक सक्रिय है। इसके असर से बिहार की सीमा से सटे झारखंड के कई जिले में अच्छी बारिश हो रही है। अभी पश्चिम बंगाल और बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सरकुलेशन बन रहा है, जो 10 अगस्त के बाद लो प्रेशर एरिया में बदल जाएगा। इसके बाद दक्षिण पूर्व मानसून में हवा का रुख झारखंड की ओर होगा। इसके प्रभाव से झमाझम बारिश होगी।