राजधानी रांची में कोरोना ब्लास्ट, 55 यात्री निकले कोरोना पॉजिटिव..

रांची : दुर्गा पूजा के बाद जो डर था, वह सही साबित होने लगा है। कोरोना वायरस का संक्रमण एक बार फिर धीरे-धीरे अपना पांव पसारने लगा है। दुर्गा पूजा में लोगों की लापरवाही के कारण कोविड के मामले बढ़ने लगे हैं। शुक्रवार को पूरे राज्‍य में एक साथ 36 पाजिटिव केस मिलने के बाद आज शनिवार को अकेले हटिया रेलवे स्‍टेशन पर 55 संक्रमित मिले हैं। ये सभी दूसरे राज्‍यों से आए लोग हैं। सिर्फ दो दिनों में 100 के करीब मामले मिलने से चिंता बढ़ गई है। इसलिए यह जरूरी है कि मास्‍क पहनें और कोविड नियमों का पालन करें। साथ ही कोरोना की वैक्‍सीन लें। कोविड वैक्‍सीन लेने के बाद भी सतर्कता जरूरी है।

राज्य में मिले 36 नए कोरोना संक्रमित, 26 रांची के..
राज्य में शुक्रवार को 40,740 लोगों की कोरोना जांच हुई, जिनमें 36 संक्रमित पाए गए। इनमें 26 संक्रमित सिर्फ रांची के हैं। अन्य जिलों की बात करें तो पूर्वी सिंहभूम में छह, पश्चिमी सिंहभूम में दो तथा बोकारो व धनबाद में एक-एक नए संक्रमित की पहचान हुई। शेष जिलों में कोई संक्रमित नहीं मिला है। इधर, राज्य में 19 मरीज स्वस्थ भी हुए। इनमें रांची के 11, पूर्वी सिंहभूम के तीन, पश्चिमी सिंहभूम के दो तथा गोड्डा, बोकारो तथा गढ़वा के एक-एक मरीज शामिल हैं। राज्य में अब एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 183 हो गई है। बता दें कि एक समय राज्य में एक्टिव केस की संख्या घटकर 50 से भी कम हो गई थी।