रिम्स में हुई 150 ऑक्सीजन सिलेंडर की सप्लाई, मरीजों के लिए बड़ी राहत..

झारखंड की राजधानी रांची में कोरोना का कहर जारी है। संक्रमितों की तादाद में हो रही बढ़ोत्तरी के कारण ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग भी बढ़ गयी है। राजधानी में रिम्स समेत अन्य सरकारी एवं निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडर की किल्लत की वजह से कई लोगों की मौत भी हो चुकी है। इस समस्या से निपटने के लिए शनिवार को रांची के अलग अलग अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति की गई। अकेले रिम्स में तकरीबन डेढ़ सौ ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वहीं संक्रमण के मजदूर उपलब्ध ना होने पर सुरक्षा प्रहरियों को सिलेंडर उतारने के कार्य में लगाया गया।

रिम्स के अलावा दूसरे अस्पतालों में भी सिलेंडर लदे ट्रक भेजे गए। आपको बता दें कि कुछ समय पूर्व शहर के कई निजी अस्पतालों द्वारा ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी की समस्या जताई गई थी। साथ ही ऑक्सीजन सिलेंडर की तत्काल व्यवस्था करने का निवेदन भी किया गया था। अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति से मरीजों ने राहत की सांस ली।

गौरतलब है कि राज्य में पिछले कुछ दिनों से ऑक्सीजन न मिलने के कारण कोरोना की चपेट में आये मरीजों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा था। अब ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति से संक्रमित मरीजों को इलाज में मदद मिलेगी।