रिम्स में इलाजरत लालू यादव से मिलकर परिवार हुआ भावुक, कल अचनाक बिगड़ी थी तबीयत..

चारा घोटाले मामले में सजा काट रहे लालू प्रसाद यादव की गुरूवार अचानक बिगड़ी तबीयत के बाद से परिवार में चिंता का माहौल है| रिम्स के पेंइंग वार्ड में इलाजरत लालू यादव से मिलने उनकी पत्नी व बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अपने दोनों बेटे के साथ पहुंची|

शुक्रवार की शाम चार्टड प्लेन से राबड़ी देवी, बड़े बेटे तेजप्रताप यादव और छोटे बेटे तेजस्वी यादव के साथ पटना से रांची पहुंचे| रांची पहुंचने के बाद तीनों एयरपोर्ट से सीधा रिम्स पहुंचे| यहां रिम्स के पेइंग वार्ड में लालू यादव से मुलाकात की|

सूत्रों के मुताबिक लालू यादव से मिलकर पूरा परिवार भावुक हो गया| पत्नी राबड़ी देवी ने बगल में बैठकर उनका हालचाल लिया वहीं दोनों बेटों ने पिता से हालचाल पूछकर फिर डॉक्टरों से बातचीत कर पिता के स्वास्थ्य की जानकारी ली|

वहीं लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती सुबह ही रांची पहुंच गई थीं। मीसा सुबह से ही अपने पिता की सेवा में लगी हुई हैं। बेटी की देखरेख में ही लालू यादव के टेस्ट करावाये गये। डॉक्टरों के अनुसार फ़िलहाल लालू यादव की तबीयत स्थिर है|