चंडीगढ़ में साइबर क्राइम का आरोपी एक नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार, रांची की महिला दे रही थी साथ..

साइबर अपराध के मामले में मंगलवार को चंडीगढ़ से एक 37 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया गया है| लेकिन अब इसके तार झारखंड से जुड़ रहे हैं| 37 वर्षीय आरोपी फ्रांसिस एमेका डुरोबाई एप के जरिए आवाज बदलकर लोगों से पैसे ठगने का काम करता था औऱ पुलिस को शक है कि इस काम में रांची की एक महिला उसका साथ दे रही थी| जांच में पता चला है कि फ्रांसिस रांची की एक महिला के साथ रिश्ते में था जो साइबर ठगी में उसकी मदद करती थी|

इसके अलावा तीन साल पहले फ्रांसिस ने किसी दूसरी महिला से शादी भी की थी औऱ इस दंपत्ति का एक बच्चा भी है| रांची की उक्त महिला, यूपी के ग्रेटर नोएडा के एक फ्लैट में फ्रांसिस व उसके परिवार के साथ ही रहती थी|लेकिन ग्रेटर नोएडा के इस फ्लैट में चंडीगढ़ पुलिस द्वारा छापा मारने से पहले ही ये महिला भागने में कामयाब रही|

पुलिस ने बताया कि फ्रांसिस ने 2020 में खुद को यूके की एक महिला बताकर चंडीगढ़ के एक शख्स से 14.63 लाख रुपये ठगे थे। हिरासत में पूछताछ के दौरान फ्रांसिस ने अपराध स्वीकार किया है साथ ही रांची की एक महिला के साथ अपने संबंधों के बारे में खुलासा किया। पुलिस उसके सभी खुलासों की जांच कर रही है| बता दें कि फ्रांसिस को मंगलवार को चंडीगढ पुलिस ने गिरफ्तार किया गया था| उसके पास से एक सैंडिस्क पेनड्राइव, सिम कार्ड के साथ 14 मोबाइल फोन, एक एचपी लैपटॉप, सात डेबिट कार्ड, तीन बैंक पासबुक बरामद हुए हैं।