BJP का हेमंत सरकार के अक्षम होने का आरोप, JMM ने जवाब में गिनवाई रघुवर सरकार की कमी..

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर हेमंत सरकार पर जमकर बोला| उन्होंने हेमंत सरकार को अक्षम औऱ कमजोर बताते हुए कहा कि 13 महीने में सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है| रघुवर दास ने कहा कि इस कमजोर सरकार में हर क्षेत्र में हर काम में अभाव है, इसलिए ये कमजोर सरकार किसी भी विषय पर फैसला लेने से कतराती है|

उधर रघुवर दास के आरोपों का जवाब देने के लिए जेएमएम ने भी एक प्रेसवार्ता बुलाई| वार्ता के दौरान जेएमएम महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने रघुवार दास द्वारा लगाये गये आरोपों का एक-एक कर जवाब दिया और पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल की नाकामियां गिनवाई|

मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को लेकर रघुवर दास ने आरोप लगाया कि एक तरफ हेमंत सोरेन विकासकार्य के लिये धन के अभाव का रोना रोते हैं लेकिन सत्ता की सुख-सुविधा के लिये पैसे हैं| दास ने कहा कि रांची से दिल्ली के लिये 17 फ्लाइट्स होने के बावजूद मुख्यमंत्री चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली गए| इसके अलावा दिल्ली में झारखंड भवन होते हुए भी मुख्यमंत्री वहां ना ठहर कर आंनद निकेतन में 6 लाख के कमरे में ठहरे|

इस पर जवाब देते हुए जेएमएम महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि सीएम के दिल्ली दौरे से सबसे ज्यादा तकलीफ रघुवर दास को हुई है| खुद मुख्यमंत्री रहते हुए रघुवर दास ने पूरे 5 साल तक जमशेदपुर जाने के लिए कभी भी सड़कमार्ग का इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि वो हेलिकॉप्टर से आना-जाना करते थे| अपने घर जाने के लिए पूर्व सीएम सरकारी हेलिकॉप्टर का दुरुपयोग करते थे|

इसके बाद रघुवर दास ने हेमंत सोरेन के अचानक दिल्ली जाने पर कहा कि वो बंगाल चुनाव के लिए कांग्रेस के पैसे की जरूरत पूरी करने दिल्ली गये थे| इस आरोप पर पलटवार करते हुए जेएमएम नेता ने कहा कि चार्टर्ड प्लेन से पैसे जाते हैं ये बात रघुवर दास को कैसे पता है? क्या वो खुद कभी पैसे लेकर गए हैं? सुप्रियो ने कहा कि निश्चित तौर पर झारखंड में कांग्रेस पार्टी हमारी सहयोगी है, लेकिन पश्चिम बंगाल की बात कुछ और है| जेएमएम ने बिहार में भी अपने दम पर अकेले चुनाव लड़ा था| और वहीं दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से सीएम की शिष्टाचार मुलाकात की थी|

पूर्व मुख्यमंत्री ने हेमंत सरकार पर आरोप लगाया कि बीते एक साल में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह बिगड़ चुका है| वर्तमान राज्य सरकार की 13 महीने की सबसे बड़ी उपलब्धि कुशासन औऱ अराजकता है| अपराधी और उग्रवादी अपना काम कर लेते हैं, राजभवन की दीवार तक पर उग्रवादी पोस्टर चिपका जाते हैं, लेकिन सरकार कुछ नहीं कर पाती है| इसपर निशाना साधते हुए जेएमएम ने प्रेसवार्ता में कहा कि आंकड़ें हमारे पास भी है| और रघुवर सरकार से तुलना करें तो बीती सरकार में कोर्ट परिसर में हत्याएं होती थीं, दिनदहाड़े आगजनी और डाके डाले जाते थे| 2019 में हुई नक्सली घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बकोरिया कांड रघुवर राज में ही हुआ था इसके अलावा 12 मॉब लिंचिंग की घटनाएं भी उन्हीं के कार्यकाल में हुई थी|

रघुवर दास ने कहा कि वर्तमान सरकार में महीने में एक कैबिनेट की बैठक होती है और एक बार में 62 संलेख लाये जाते हैं| चुनाव में किया गया एक भी वादा जमीन पर नहीं दिख रहा है| इस पर जेएमएम की तरफ से जवाब देते हुए सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि रघुवर दास सरकारी पैसे खर्च कर लास वेगस गए थे| मोमेंटम झारखंड के तहत राज्य में बड़े-बड़े इनवेस्टर्स लाने गए थे| लेकिन एक भी इनवेस्टर्स आये नहीं|