लोहरदगा में बढ़ते जा रहा नक्सलियों का खौफ, शहरी इलाकों में चिपकाए पोस्टर..

राज्य में नक्सलियों के हौसले एक बार फिर बुलंद होते नज़र आ रहे हैं| इस बार लोहरदगा शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्र में पोस्टर चिपका कर नकस्लियों ने दहशत फैला दी है| ये पोस्टर प्रतिबंधित नक्‍‍‍सली संगठन पीएलएफआई के नाम पर है|

नक्सलियों द्वारा चिपकाए गए इस पोस्टर में व्य‍वसायियों और ठेकेदारों को धमकी दी गयी है| ये पोस्टर शहरी के गुदरी बाजार,पावरगंज चौक, और रेलवे साइडिंग के पास लगाएं गए हैं| गौरतलब है कि ये सभी इलाके घनी आबादी वाले हैं, जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं|

पोस्टर में पूंजीवाद-सामंतवाद मुर्दाबाद
पोस्टर में पीएलएफआई जिंदाबाद, पूंजीवाद-सामंतवाद मुर्दाबाद के नारे लिखे हुए हैं| इसमें गरीब और मजदूर को एक होने को कहा गया है| इसके अलावा ये लिखा है कि पुलिस फर्जी मुठभेड़ करना बंद करे|

नकस्लियों ने चेतावनी देते हुए लिखा है कि पुलिस की मुखबिरी करना बंद करें| गरीब मजदूरों का शोषण और अत्याचार करना बंद करें| व्यवसायी-ठेकेदार होश में आएं, नहीं तो पीएलएफआई तैयार है|

दहशत में ना आएं लोग
शहर में मिले पोस्टर के बाद से लोहरदगा पुलिस एक्शन मोड में आ गयी है| पुलिस ने जगह-जगह लगाए गये सभी पोस्टरों को अपने कब्जे में ले लिया है| एएसआई मंटू कुमार ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि पोस्टर चिपकाने वाले को छोड़ा नहीं जाएगा, वे जल्द ही पकड़े जाएंगे| इसके लिए सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जाएगा| वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वो दहशत में ना आएं|

दरअसल, जिले में नक्सली घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है| पिछले दिनों नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगे उपकरणों को जला दिया था तथा ठेका कंपनी के मुंशी की भी हत्याा कर दी थी|