रांची एयरपोर्ट पर फ्लाइट कैंसिल होने का सिलसिला जारी, कोरोना के चलते नहीं मिल रहे यात्री..

कोविड को लेकर रांची एयरपोर्ट पर विमान यात्रियों की संख्या में कमी आई है। अब कम ही लोग रांची से बाहर जाना और रांची आना चाह रहे हैं। इस कारण विमान कंपनियों को पर्याप्त रूप से विमान यात्री भी नहीं मिल रहे हैं। राजधानी के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर यात्रियों की आवाजाही कम होने की वजह से मंगलवार को पांच उड़ानें रद करनी पड़ीं। रद होने वाली उड़ानों में गो एयर की दो जबकि, एयर एशिया, इंडिगो और स्पाइस जेट की एक-एक उड़ान शामिल हैं।

रांची एयरपोर्ट पर फ्लाइट कैंसिल होने का सिलसिला सोमवार से शुरू हुआ है। सोमवार को चार फ्लाइट कैंसिल हुई थी। मंगलवार को एयरलाइंस कंपनियों को पांच उड़ानें रद करनी पड़ी हैं। गो एयर की रांची से मुंबई और दिल्ली जाने वाली उड़ान रद कर दी गई है। इसी तरह, एयर एशिया ने अपनी रांची से मुंबई जाने वाली उड़ान को रद कर दिया है। इंडिगो को यात्री की कमी की वजह से अपनी रांची से अहमदाबाद जाने वाली उड़ान को रद करना पड़ा है। जबकि, स्पाइस जेट की रांची से मुंबई जाने वाली उड़ान रद कर दी गई है।

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक सामान्य दिनों में 2300 से 2500 यात्रियों का आवागमन-प्रस्थान होता था, परंतु कोविड का संक्रमण ज्यादा बढ़ने के कारण लोग अनावश्यक यात्रा से बच रहे हैं। रांची से अन्य शहरों के लिए मंगलवार को महज 634 यात्री ही निकले। जबकि, 19 उड़ानों के लिए कम से कम 3200 के आसपास यात्री चाहिए। यात्री कम होने की वजह से मंगलवार को महज 14 फ्लाइटों ने ही उड़ान भरी है। सोमवार को रांची आने वाले यात्रियों की संख्या 1853 थी जबकि, रांची से अन्य शहरों को सिर्फ 796 यात्री ही निकले। कम यात्री होने से विमान कंपनियों को नुकसान हो रहा था। इसलिए कुछ विमानों की आगमन-प्रस्थान को रद्द कर दिया गया।