24 सितंबर को हावड़ा से रांची के बीच दौड़ेगी वंदे भारत ट्रेन..

Jharkhand: वंदे भारत ट्रेन नए विकास और तरक्की का एक अनमोल तोहफा है। वंदे भारत ट्रेन आने से सिर्फ यात्रा करने में सुविधा ही नहीं इसके साथ-साथ समय का भी बचत हो रहा है। रांची से पटना के बीच चल रही वंदे भारत ट्रेन झारखंड के लिए एक बहुत बड़ी सौगात है, साथ ही इसी कड़ी में झारखंड को वंदे भारत ट्रेन की एक और सौगात मिलने जा रही है। रांची से हावड़ा के बीच वंदे भारत ट्रेन का एक और परिचालन झारखंड के परिवहन व्यवस्था को और भी मजबूत करेगा। प्रधानमंत्री द्वारा 24 सितंबर को उद्घाटन कर हावड़ा से रांची के बीच वंदे भारत ट्रेन को रवाना किया जाएगा।

नौ ट्रेने होंगी रवाना….
24 सितंबर को वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा हावड़ा से दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। हावड़ा से खुलने वाली दो वंदे भारत ट्रेन हावड़ा-पटना और हावड़ा- रांची के बीच चलेंगी। दरअसल, देश के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ नौ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को प्रधानमंत्री द्वारा 24 सितंबर को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।

12:45 बजे होगा ट्रेन का ट्रायल….
रांची से शुरू होने वाली वंदे भारत ट्रेन रांची, मुरी, झालदा, पुरुलिया, चांडिल, टाटानगर, घाटशिला, झाड़ग्राम व खड़गपुर होते हुए हावड़ा पहुंचेगी। पहले दिन ट्रेन का ट्रायल दोपहर 12:45 बजे निर्धारित किया गया है। फिलहाल, अभी तक नियमित रूप से चलने के लिए ट्रेन की समय सारणी तय नहीं की गई है। दक्षिण-पूर्व रेलवे की ओर से इस ट्रेन के लिए बोर्ड को दो समय सारिणी भेजी गयी है।

दी गई है दो समय सारणी…
दक्षिण-पूर्व रेलवे द्वारा दी गई पहली समय सारिणी के अनुसार, सुबह 8:00 बजे हावड़ा से रवाना हो कर, दोपहर 12:55 बजे रांची पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है। वहीं, वापसी में ट्रेन को दोपहर 3:20 बजे रांची से रवाना कर, रात 8:10 बजे हावड़ा पहुंचने का प्रस्ताव दिया गया है। जबकि दूसरी समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन सुबह 5:20 बजे रांची से रवाना होगी और सुबह 11:55 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वहीं, दोपहर 3:30 से यह ट्रेन हावड़ा के लिए रवाना होगी तथा रात को 10:10 बजे रांची पहुंचेगी। जानकारी के अनुसार, रांची से हावड़ा के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन पहली वंदे भारत ट्रेन होगी, जिसके रखरखाव की जिम्मेदारी रांची रेल मंडल को दी जायेगी।

34 वंदे भारत ट्रेन….
24 सितंबर से नौ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के शुरुआत होने के बाद भारत के खाते में 34 वंदे भारत ट्रेन आ जाएगी। कौशिक मित्रा ने कहा कि इन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों मैं पहले से ज्यादा और बेहतर करने के माध्यम से कुछ बदलाव किए गए है। ट्रेनो के कोच पूर्व की तुलना में बेहतर होंगे। साथ ही यात्रियों को अधिक सुविधाएं मिलेंगी। सीटों को लाल रंग के बदले में नीला रंग देते हुए और भी ज्यादा आरामदायक बनाया गया है।