रांची के फैंटम रेस्टोरेंट को नगर निगम ने किया सील..

रांची: अवैध निर्माण के खिलाफ रांची नगर निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है। इस कड़ी में सोमवार को उप नगर आयुक्त के कोर्ट-2 के आदेश के आलोक में हरमू रोड स्थित पेंटागन बिल्डिंग के पांचवें तल्ले पर स्थित फैंटम रेस्टोरेंट को सील कर दिया गया। इस दौरान निगम के टाउन प्लानर अरुण कुमार, श्रीकांत शरण, सहायक नगर आयुक्त डॉ. ज्योति कुमार और इंजीनिरिंग विभाग के पदाधिकारी मौजूद थे। बता दें की बिल्डिंग पर पूर्व में भी रांची नगर निगम द्वारा अनधिकृत निर्माण वाद दर्ज किया गया था। बिल्डिंग को सील करने का तथा अपसारित करने का आदेश 4 अगस्त को पारित किया गया था और संचालक को खुद से अतिक्रमण हटाने के लिए एक माह का वक्‍त दिया गया था।

मियाद पूरी होने के बाद जब अवैध निर्माण को नहीं हटाया गया तो रांची नगर निगम की टीम रेस्टोरेंट को सील करने पहुंच गई। रेस्टोरेंट को सील कर दिया गया है। गौरतलब है की नगर निगम के आदेश के विरुद्ध पेंटागन बिल्डिंग के मालिक द्वारा अपील की गई है। यह वर्तमान में अपीलीय प्राधिकरण के समक्ष लंबित है।