रांची में 19 नवंबर को होगा भारत-न्यूजीलैंड टी-20 मैच..

रांची : क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। खासकर झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। झारखंड की राजधानी रांची के जेएससीए (झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन) इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 19 नवंबर को भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को इसका शेड्यूल जारी कर दिया है। इससे पहले 2019 में JSCA स्टेडियम में भारत-दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच खेला गया था। इस वर्ष (2021) नवंबर में न्यूजीलैंड की टीम भारत का दौरा करेगी। इस दौरे में तीन टी-20 मुकाबले के साथ दो टेस्ट मैच आयोजित किए जाएंगे। दौरे का पहला टी-20 मैच 17 नवंबर को जयपुर में, दूसरा टी-20 मुकाबला 19 नवंबर को रांची के JSCA स्टेडियम और तीसरा 21 नवंबर को कोलकाता में खेला जाएगा।

बता दें की JSCA स्टेडियम में लगभग चार साल के बाद टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। इस स्टेडियम में अंतिम टी-20 मुकाबला सात अक्टूबर 2017 को भारत-आस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था।

अब बीसीसीआइ ने भारतीय टीम के आगामी मैचों की जानकारी शेयर की है। इसके मुताबिक जून 2022 तक चार देश भारत का दौरा करेंगे। भारत में जून 2022 तक लगातार क्रिकेट खेली जायेगी। ICC T-20 World Cup 2021 के बाद न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आयेगी। नवंबर और दिसंबर में दोनों देशों के बीच टी-20 और टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जायेगी। जिसमे एक मैच रांची में भी होगा। इसके बाद वेस्टइंडीज की टीम भारत का दौरा करेगी। फरवरी 2022 में 3-3 मैचों की टी-20 और वनडे सीरीज का आयोजन होगा। फरवरी-मार्च 2022 में श्रीलंका की टीम भारत आएगी। वह दो टेस्ट और तीन टी20 मैच खेलेगी। इसके अलावा जून 2022 में साउथ अफ्रीका को भारत दौरे पर आना है। दोनों देशों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जायेगी।