झारखंड: मानसून ने दी दस्तक, अगले चार दिन तक रांची सहित राज्य के कई हिस्साें में छाए रहेंगे बादल..

रांची में मंगलवार को हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। दिन में बारिश के बाद तापमान 38 से 33 डिग्री हो गया। रांची सहित गुमला, लातेहार, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां में भी बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने इस संबंध में अलर्ट जारी किया था। बारिश के दौरान हवा की गति 30-40 किलोमिटर प्रति घंटे रही। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार और गुरुवार तक के लिए भी अलर्ट जारी किया है। मंगलवार की बारिश के बाद यह माना जा रहा कि झारखंड में मानसून ने दस्तक दे दी है। अगले दो दिनों में यहां झमाझम बारिश से मानसून का विधिवत आगाज हो जाएगा।

पांच दिनों में गिर जाएगा तापमान..
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रांची और आसपास के जिलों में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट आ जाएगी। इस दौरान बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी। कुछ जिलों में हल्‍की से मध्‍यम दर्जे की बारिश भी सकती है। कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात होने की आशंका भी है। कुछ स्‍थानों पर तेज हवा भी चल सकती है।

अब गर्मी से लोगों को मिल जाएगी राहत..
मालूम हो कि इस बार झारखंड के प्राय: सभी जिलों में लोग भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। रांची में पहली बार लोगों को भीषण गर्मी से जूझना पड़ा है। यहां लोगों ने पहले कभी इतनी गर्मी का सामना नहीं किया था। इस वर्ष की गर्मी यहां चर्चा का विषय बनी रही। अब मानसून की पहली फुहार से रांची ही नहीं सभी जिलों में लोगों ने राहत महसूस की है। लोग खुश हैं कि अब गर्मी की छुट्टी हो जाएगी। बारिश का आनंद उठा सकेंगे। स्कूल भी खुल चुके हैं, बच्चों को अब स्कूल जाने में धूप का सामना नहीं करना पड़ेगा।