लू की चपेट में झारखंड: 15 जिलों का पारा 40 डिग्री के पार, IMD का हीट वेव को लेकर अलर्ट..

झारखंड में गर्मी के तेवर तीखे हैं। शहरी को झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है। उत्तर-पश्चिम से आ रही शुष्क हवा के कारण झारखंड का आधा हिस्सा लू की चपेट में आ गया है। राज्य के 24 में से 15 जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है। अभी दो-तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। गर्मी का आलम यह है कि सुबह होते ही गर्म हवा चलने लगती है। दोपहर में सड़कें खाली हो जाती है। मौसम विभाग के अनुसार 22 अप्रैल को हल्के बादल छाये रहने और दक्षिणी क्षेत्र के कुछ हिस्सों खास कर सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम , सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिले में बंूदाबांदी होने की संभावना है।

44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है अधिकतम तापमान..
रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य के कई जिलों का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 21 अप्रैल को सरायकेला, गोड्डा, पाकुड़ और जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जबकि पश्चिमी सिंहभूम, धनबाद, बोकारो, देवघर, चतरा, पलामू और गढ़वा में अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच सकता है।

15 जिलों का पारा 40 डिग्री से अधिक..
राज्य में गुरुवार को जिन 15 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया, उनमें गोड्डा और पाकुड़ में 43 डिग्री, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम में 42 डिग्री, दुमका, साहेबगंज, जामताड़ा, देवघर, धनबाद, सिमडेगा, चतरा, गढ़वा, पलामू, बोकारो में 41 डिग्री और गिरिडीह-कोडरमा में 30 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा में 39 डिग्री, गुमला, खूंटी में 39 और रांची में 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पाकुड़ और गोड्डा का तापमान 43 डिग्री पहुंचा..
राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान पाकुड़ और गोड्डा का अधिकतम तापमान 43 डिग्री पार गया है। हालांकि रांची का अधिकतम तापमान अभी 36 डिग्री से अधिक है, लेकिन 21 अप्रैल को यहां का तापमान भी 40 डिग्री पर पहुंच जाएगा। संताल परगना और कोल्हान में 19 से 22 अप्रैल तक चलू चलेगी। जबकि रांची, गिरिडीह, बोकारो और धनबाद में भी पारा 40 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। गर्म हवाओं से झारखंड का मौसम शुष्क हो गया है और राज्य में न तो बादल छा रहे हैं और न ही बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है।