हजारीबाग में कई जगहों पर केरोसिन तेल बनी विस्‍फोट का कारण..

बीते दिनों हजारीबाग सदर प्रखंड के अमनारी में केरोसिन तेल की वजह से अलग -अलग जगहों पर विस्फोट की घटना सामने आई थी। इस विस्फोट की घटना में अब तक 8 लोग  घायल हुए है। घटना के दौरान गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया था। जहां इलाज के दौरान 2 साल की बच्ची सुषमा कुमारी सहित 70 वर्षीय देवंती देवी की मौत हो गई।

केरोसिन तेल के विस्फोट की लगातार होने वाली इस घटना से गाँव के लोग दहशत में है। वहीं दूसरी तरफ प्रशासन भी इस घटना को लेकर सजग हो गई है। फिलहाल हजारीबाग के क्षेत्र में पीडीएस से तेल वितरण पर तत्कालीन रोक लगा दी गई है। बुधवार को रांची से आपूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव शांतनु अग्रहरी व फॉरेंसिक विभाग की टीम के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना के संबंध में पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने अमनारी के डीलर नागेश्वर प्रसाद व चुटियारो के डीलर से केरोसिन तेल का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है।

केरोसिन तेल के विस्फोट की पहली घटना सदर प्रखंड के डूमर गांव में घटी थी। जिसमें 9 फरवरी की रात पहला विस्फोट हुआ। इसमें राम प्रवेश सिंह की 70 वर्षीय मां देवंती देवी दीया में तेल डालते समय बुरी तरह से झुलस गई थीं। 15 फरवरी को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना सदर प्रखंड के चुटियारो मे घटी। जहां 14 फरवरी को भी लैंप में तेल डालने के दौरान विस्फोट हुआ था। इस घटना में दो साल की बच्ची सुषमा कुमारी, पिता केदार राम और तेल डाल रही उसकी मां जल गई थी। इलाज के क्रम में 14 फरवरी को सुषमा की मौत हो गई, वहीं उसकी मां का इलाज अभी चल रहा है।  पहले हुई इन दो घटनाओं को सामान्य बता कर लोगों ने नजरअंदाज कर दिया था।

जिसके बाद 14 फरवरी को लगातार तीन जगहों पर हुए विस्फोट से ग्रामीण सतर्क हो गए। उन्होंने तेल में मिलावट की आशंका जताई। लगातार हुई इन घटनाओं में पहली घटना ऊपर टोला के बसंत ठाकुर के घर पर हुई। जिसमें बसंत ठाकुर की पत्नी सविता देवी, उनके दो बेटे 15 वर्षीय पवन कुमार और 11 वर्षीय आयुष कुमार इस विस्फोट में झुलस गए। वहीं दूसरी घटना रात करीब साढ़े आठ बजे परमेश्वर महतो के यहाँ घटी। जहां उनकी बेटी ललिता देवी लैंप में कूप्पे से तेल डाल रही थी और अचानक विस्फोट हो गया जिसमें वो घायल हो गई। तीसरी घटना मंगलवार सुबह करीब छह बजे की है। बोरसी में आग ताप रहे महेंद्र यादव के बेटे सन्नी यादव भी तेल डालने के दौरान हुए विस्फोट की चपेट में आकर झुलस गए। जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

केरोसिन तेल के कारण लगातार हुई इन घटनाओं से पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार के विस्फोट न सिर्फ लैंप और दीये में हुआ बल्कि उस डब्बे में भी हुआ, जिससे तेल डाला जा रहा था। यह पहली बार है जब इस तरह की घटनाएं घटित हुई है। इस विस्फोट की आवाज करीब 100 मीटर दूर तक सुनी गई। इस विस्फोट की घटना पर अमनारी के मुखिया अनूप कुमार ने सरकार से मृतक को दस लाख रुपये व घायलों को सरकारी खर्च पर इलाज कराने के अलावा पांच लाख रुपये देने की मांग की है।

मामले की हुई छानबीन के बाद चला है कि13 जनवरी को 11,774 लीटर केरोसिन आर्मी ट्रेडिंग कंपनी के माध्यम से पहुंचा था और 35 पीडीएस दुकानों में इसका आवंटन किया गया था। विस्फोट की सूचना के बाद सभी पीडीएस दुकानों में केरोसिन के वितरण पर रोक लगा दी गई है सभी दुकानों में इसकी सूचना भी चिपका दी गई है। रांची से पहुंची आइओसीएल की टीम तेल का सैंपल लेकर गई है। हजारीबाग के उपायुक्त आदित्य कुमार आनंद ने बताया कि तेल में किस प्रकार का केमिकल रिएक्शन हुआ है या मिलावट हुई है, ये रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।

चूंकि ट्रेडिंग कंपनी द्वारा इस तेल का उठाव रांची से ही किया गया था, जिसे देखते हुए रांची के डीसी छवि रंजन ने रांची में वितरित किए गए केरोसिन की रैंडम जांच के निर्देश दिए है। जिसके अनुसार जिले में आपूर्ति किए गए केरोसिन की गुणवत्ता की रैंडम जांच की जाएगी। इसके लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी शब्बीर अहमद ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के क्षेत्रीय प्रबंधक को एक पत्र लिखा है। जिसमें अद्यतन आपूर्ति किए गए केरोसिन की गुणवत्ता की रेंडम जांच कर 24 घंटे के अंदर अनुपालन प्रतिवेदन समर्पित करने की बात कही गई है। साथ ही सभी पणन पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को अपने अपने क्षेत्र में कम से कम पांच दुकानों में अद्यतन आपूर्ति किए गए केरोसिन की गुणवत्ता की रैंडम जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट जमा करने के आदेश दिए गए हैं।

इस पूरे मामले पर खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव का कहना है कि जानकारी मिलने के बाद विभाग को इस मामले में पड़ताल करने का निर्देश दिया गया है। फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री की रिपोर्ट भी तलब की गई है इसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।