झारखंड में मौसम ने ली करवट, अब एक हफ्ते बाद लौटेगी ठंड..

रांची के न्यूनतम तापमान में लगातार बदलाव हो रहा है। यहां हर दिन न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस ऊपर जा रहा है। बुधवार को भी रांची का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके कारण दिन में अब रांचीवासियों को गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 12 जनवरी तक रांची में ऐसे ही मौसम के बने रहने की संभावना है। बताया जा रहा है कि 12 जनवरी के बाद से एक बार फिर न्यूनतम तापमान में कमी आ सकती है जिससे ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण चल रही हवाओं का रूख अभी उत्तर पश्चिम दिशा से है, जिसकी वजह से मौसम में ये बदलाव देखा जा रहा है|

वहीं, गुरुवार को राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो बुधवार को 12.6 डिग्री सेल्सियस था. करीब दो डिग्री की गिरावट ने लोगों को फिर ठंडी का एहसास कराया है. उधर, गुरुवार को जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस , डालटनगंज में 9.5 डिग्री सेल्सियस जबकि कांके में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष मकर संक्रांति पर शीतलहर चलने की संभावना है।

राज्यभर का मौसम पिछले 24 घंटे में सामान्य रूप से शुष्क रहा है । वहीं, राज्य में सबसे ज्यादा गरम और सबसे सर्द जिला चाईबासा रहा। यहां का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 11.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अभिषेक आनंद ने बताया कि भूमध्य सागर में पश्चिमी विक्षोभ के कारण एक चक्रवर्तीय क्षेत्र बन रहा है। इसका असर झारखंड राज्य पर देखने को मिल रहा है। 10 जनवरी तक रांची समेत अन्य जिलों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आठ फरवरी तक बारिश का भी अनुमान जताया है।