मुख्यमंत्री के काफिले पर हमले के मुख्य आरोपी भैरव सिंह ने किया सरेंडर..

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के काफिले पर हुए हमले का मुख्य आरोपी भैरव सिंह ने आत्मसमर्पण कर दिया है| भैरव सिंह ने सिविल कोर्ट के न्यायाधीश अभिषेक प्रसाद की अदालत में आत्मसमर्पण किया| अदालत ने फिलहाल उसे ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया है| विदित हो कि, सीएम के काफिले पर हमले के बाद से ही भैरव सिंह पुलिस के निशाने पर था| इससे पहले बुधवार को इस मामले में पुलिस ने 26 अन्य आरोपियों को जेल भेजा है|

वहीं, गुरुवार को भैरव सिंह के आत्मसमर्पण से पहले रांची सिविल कोर्ट में काफी देर तक लुका-छिपी का खेल चलता रहा| कोतवाली एएसपी और भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच भैरव सिंह ने कोर्ट के समक्ष आत्मसमर्पण किया| आत्मसमर्पण से जुड़ी प्रक्रियाओं को पूरा कर लिया गया था|

बताया जा रहा है कि भैरव सिंह की गिरफ्तारी के लिए 4 थानों की पुलिस को लगाया गया था| इसकी कमान कोतवाली डीएसपी को सौंपी गई थी, लेकिन भैरव ने पुलिस को चकमा देते हुए सिविल कोर्ट में सरेंडर किया| इस मामले में सुखदेवनगर थाने में अबतक कुल 65 नामजद सहित 150 लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है|

मुख्यमंत्री ने कहा था, बख्शे नहीं जाएंगे दोषी..
चार जनवरी को रांची के किशोरगंज चौक पर मुख्यमंत्री के काफिले पर प्रदर्शनकारियों ने हमला किया गया था| इसमें कई पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए थे| उधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साफतौर पर कहा था इसमें शामिल दोषी बख्शे नहीं जाएंगे| जिसके बाद से ही पुलिस इस मामले को लेकर गंभीर थी| दूसरी तरफ, डीजीपी एमवी राव ने बुधवार अचानक रांची के एसएसपी समेत तमाम वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की| इसके बाद दो थाना प्रभारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गये हैं|

कौन है भैरव सिंह..
कोकर का रहने वाला भैरव सिंह हिंदू संगठनों से जुड़ा है| हिंदुत्व से जुड़े कार्यों में ये हमेशा आगे रहता है| सोशल मीडिया पर भी इसकी बड़ी संख्या में युवा फॉलोअर है| कुछ समय पहले ही इसकी शादी हुई है तथा शादी समारोह में कई भाजपा नेताओं ने भी शिरकत की थी|