फिर बदलेगा मौसम, 21 फरवरी से इन जिलों में बारिश के आसार..

झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। रांची समेत प्रदेश के कई जिलों में सुबह से ही हल्के बादल नजर आने लगे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 21 फरवरी से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि कई जिलों में तीन दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण बादलों के आने की संभावना है। राज्य के उत्तर-पूर्वी इलाकों में बारिश के आसार बन रहे हैं।

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। झारखंड में इसका असर 20 फरवरी से देखने को मिलेगा। राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, साहिबगंज के कुछ हिस्सों में 21 व 22 फरवरी को कुछ जगहों पर वर्षा होने की संभावना है। वहीं, 23 फरवरी को दक्षिण पूर्वी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा व सरायकेला खरसावां के साथ साथ पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। राजधानी रांची में भी 21 व 22 फरवरी को आंशिक बादल छाए रहेंगे। मौसम शुष्क बना रहेगा।