झारखंड को मिला पहला सेमी अंडर ग्राउंड सब्जी मार्केट..

लंबे समय के इंतजार के बाद आखिरकार रांची के नागा बाबा खटाल पर बने वेजिटेबल मार्केट का उद्घाटन हो गया। सब्जी मार्केट का उद्घाटन आज CM हेमंत सोरेन ने किया। यह झारखंड का पहला सेमी अंडर ग्राउंड सब्जी मार्केट है। 40,000 34-It मे फैले इस खूबसूरत वेजिटेबल मार्केट को सभी सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यहां वेजिटेबल मार्केट के पूर्व की स्थिति को बेहतर करने एवं चीजों को व्यवस्थित करने के लिए लगभग 11 करोड़ रुपए की लागत से इसका निर्माण कराया गया है। यहां लगभग 300 सब्जी विक्रेताओं को लॉटरी के माध्यम से अवस्थित किया जाएगा। इसके अलावा मार्केट के दोनों तरफ फल विक्रेताओं को जगह उपलब्ध कराई जाएगी। नागरिकों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण में सब्जी एवं फल के क्रय के लिए इस विजिटेबल मार्केट का निर्माण रांची नगर निगम द्वारा कराया गया है जिसमें फूड कोर्ट, पार्किंग, पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह वेजिटेबल मार्केट सब्जी एवं फल विक्रेताओं के परिवार के जीवन व्यापन का एक बेहतर साधन बनने जा रहा है। इसलिए इस परिसर को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी उनकी भी है। माननीय मुख्यमंत्री के द्वारा कहा गया कि नागा बाबा खटाल सब्जी मार्केट में सड़क पर दुकान लगाने के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी जिससे नागरिकों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस वेजिटेबल मार्केट के निर्माण होने से अब लोगों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिल पाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में नागरिकों के हितों का ध्यान रखते हुए और भी जनउपयोगी योजनाएं घरातल पर उतारने का प्रयास जारी है।

वेजिटेबल मार्केट के उद्घाटन के पश्चात मुख्यमंत्री के द्वारा हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित सरदार पटेल पार्क का भी उद्घाटन किया गया। सरदार पटेल पार्क लगभग 2.5 acre में फैला हुआ है जिसमें सभी वर्ग के लोगों के मनोरंजन का खास ख्याल रखा गया है। नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि इस मनमोहक पार्क में बैडमिंटन कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, ओपन जिम, बच्चों के लिए किड्स जोन एवं कैंटीन का प्रावधान किया गया है तथा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर यह पार्क रांची वासियों के लिए एकता का प्रतिक होगा।

मुख्यमंत्री के द्वारा पार्क परिसर में 15 फीट ऊंची सरदार वल्लभभाई पटेल की भव्य मूर्ति का अनावरण किया गया। उन्होंने कहा कि शहरीकरण जिस रफ्तार से बढ़ रहा है और वृक्षों को काटकर गगनचुंबी इमारतें बन रही हैं ऐसे समय में इस तरह की खूबसूरत पार्क नागरिकों को खुशी एवं शांति प्रदान करती है जहां नागरिक अपने परिवार के साथ अपने जीवन के अमूल्य क्षण को व्यक्ति कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हमे पर्यावरण को चुनौती नही देनी चाहिए और शहर को हरा भरा रखने के लिए हमेशा प्रयासरत रहना चाहिए।

इस अवसर पर सांसद संजय सेठ, सांसद दीपक प्रकाश, विधायक सी.पी. सिंह, सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार विनय कुमार चौबे, महापौर आशा लकड़ा, उप महापौर संजीव विजयवर्गीय, रांची नगर निगम के उप नगर आयुक्त कुवर सिंह पाहन, उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार, मुख्य अभियंता राजदेव सिंह, सहायक नगर आयुक्त ज्योति कुमारी, सहायक नगर आयुक्त शीतल कुमारी, सहायक लोक स्वस्थ अधिकारी डॉ किरण कुमारी, सहायक लोक स्वस्थ अधिकारी डॉ आनंद शेखर झा रांची नगर निगम क्षेत्र के सभी माननीय पार्षदगण एवं अन्य उपस्थित थे।