आरपीएन सिंह के बीजेपी में शामिल होने के बाद राहुल गांधी से मिले राजेश ठाकुर और अविनाश पांडे..

झारखंड कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन स‍िंंह के भाजपा में शाम‍िल होने के बाद कांग्रेस आलाकमान काफी सतर्क हो गया है। बुधवार को नई द‍िल्‍ली में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष राजेश ठाकुर ने नव नियुक्त प्रभारी अविनाश पांडे के साथ राहुल गांधी से मुलाकात की। बैठक करीब 30 मिनट तक चली। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अजय कुमार भी मौजूद रहे। नई दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात के बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा क‍ि आरपीएन सिंह के भाजपा में जाने झारखंड की स‍ियासत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। आरपीएन सिंह को कांग्रेस ने पूरा मान-सम्मान दिया, लेकिन उन्होंने गलत निर्णय ल‍िया। प्रदेश अध्‍यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा क‍ि झारखंड में कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल , झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नवनियुक्त प्रभारी अविनाश पांडेय और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष पर्वोत्तर के तीन राज्यों के प्रभारी डॉ अजय कुमार से भी मुलाकात की। इधर आरपीएन सिंह के BJP में जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी के आसार बढ़ गए हैं। इरफान अंसारी, अंबा प्रसाद जैसे विधायक जहां आरपीएन सिंह पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। नाराज खेमा जहां राज्य में कांग्रेस को बर्बाद करने का कारण से लेकर पैसे लेकर टिकट बांटने का आरोप लगा रहा है तो स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता समेत एक गुट ऐसा भी है जो इस पर कुछ भी स्पष्ट बोलने से बच रहा है। गुटबाजी से राजेश ठाकुर भी इंकार नहीं कर रहे हैं।