कोरोना संक्रमित झारखंड के शिक्षा मंत्री की हालत गंभीर, रिम्स के आईसीयू में किया गया शिफ्ट..

झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाए जाने के बाद फौरन उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया। रिम्स के चिकित्सकों के मुताबिक,शिक्षा मंत्री को सांस लेने में परेशानी हो रही थी, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है। डॉ प्रदीप भट्टाचार्य के देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। कोविड टास्क फोर्स के सदस्य डॉ निशीथ एक्का ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री जगरनाथ महतोकी स्थिति गंभीर हो चुकी है। ऑक्सीजन सेचुरेशन लेवल 73 पर पहुंच चुका है तथा उन्हें हाई फ्लो ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। रिम्स के चिकित्सक लगातार उनके स्वास्थ्य पर नज बनाए रखे हैं। सीनियर डॉक्टरों की तैनाती भी की गई है। वहीं स्थिति में थोड़ी सुधार होने के बाद उनका एचआर सिटी स्कैन कराया जाएगा।

कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सोमवार सुबह शिक्षा मंत्री को बोकारो के भंडारडीह स्थित उनके आवास से बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया। एम्बुलेंस से दोपहर करीब 12:05 बजे उन्हें रिम्स के कोविड वार्ड पहुंचाया गया। स्थिति को देखते हुए टास्क फोर्स के सदस्य, वरीय चिकित्सक समेत अन्य नर्सिंग स्टाफ की देखरेख में उन्हें उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया। दरअसल, श्री महतो ह्रदय रोग के मरीज हैं इसलिए उनके स्वास्थ्य पर विशेष नजर रखी जा रही है। वर्ष 2018 में उन्‍हें दिल का दौरा पड़ा था और मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। साथ ही इससे पहले उनकी एक बार एंजियोप्लास्टी हो चुकी है।

बोकारो के सि‍व‍िल सर्जन डॉ एके पाठक ने सोमवार की सुबह शिक्षा मंत्री के कोरोना पॉज‍िट‍िव होने की पुष्‍ट‍ि‍ की। मंत्री ने सांस लेने में शिकायत की, जिसके बाद उन्हें रांची रिम्स भेज दिया गया। महतो गिरिडीह जिले के डुमरी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं साथ ही झामुमो के विधायक हैं।