मेडिका से वापस राजभवन लौटीं राज्यपाल, राजभवन में आइसोलेशन में रहेंगी ..

झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को मेडिका अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। राज्यपाल अब वापस राजभवन लौट आईं हैं। कोरोना संक्रमित राज्यपाल अब राजभवन में ही आइसोलेशन में रहेंगी। आपको बता दें कि शनिवार को हुई कोरोना संक्रमण की जांच में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें रांची स्थित मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल उन्हें किसी प्रकार की स्वास्थ्य परेशानी नहीं है। इसलिए वो वापस राजभवन लौट आईं हैं और अब यहीं आइसोलेशन में इलाजरत रहेंगी।

बता दें कि इससे पहले शनिवार को झारखंड में 3838 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। जिसमें रांची में अब तक के सर्वाधिक 1,410 नए मरीज मिले थे। इसके बाद आज कोरोना की लड़ाई में झारखंड सरकार ने मजबूत कदम उठाया है। जेपीएससी समेत तमाम परीक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लेने के साथ ही स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, तकनीकी शिक्षा संस्थान व आंगनबाड़ी केंद्रों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया है। शादी समारोह में भी 50 से अधिक लोगों के शामिल होने पर भी पाबंदी लगा दी गयी है।