आठ साल बाद देवघर में फिर होगा अंडर -15 नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन..

झारखंड राज्य कुश्ती संघ को भारतीय कुश्ती संघ ने अंडर-15 कुश्ती चैंपियनशिप की मेजबानी सौंपी है। यह चैंपियनशिप जून माह में देवघर में आयोजित किया जाएगा। इसमें देश भर के 1300 से ज्यादा पहलवान भाग लेंगे।साथ ही , झारखंड राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने बताया कि जून में होने वाले चैंपियनशिप के लिए तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी। आपको बता दें कि देवघर में आठ वर्षों के बाद नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है | पिछली बार 2012 में देवघर में आयोजन हुआ था। हालांकि ,पिछली बार यह प्रतियोगिता लंदन ओलंपिक के ठीक पहले आयोजित हुई थी और इस बार टोक्यो ओलंपिक के पहले इसका आयोजन होने जा रहा है। चैंपियनशिप के दौरान भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष सह सांसद बृजभूषण सिंह भी उपस्थित रहेंगे।

झारखंड कुश्ती संघ के अनुसार प्रतियोगिता में 31 टीमें भाग लेंगी | वहीं , हर टीम में 30 खिलाड़ी, 6 कोच, 6 मैनेजर सहित तकरीबन 40 लोग होंगे। इसके अलावा 50 तकनीकी अधिकारी इसका संचालन करेंगे।कुश्ती संघ के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने आयोजन के संबंध में बताया कि तैयारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मानते हैं कि देवघर से आशीर्वाद लेकर जाने से ओलंपिक में भारतीय पहलवानों का अच्छा प्रदर्शन रहता है।उन्होंने लंदन ओलंपिक को इसका उदाहरण बताया |

उधर , पंजाब में 20 से 21 फरवरी तक आयोजित होने वाले सीनियर नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम की घोषणा कर दी गई है। ग्रीको रोमन में आनंद उरांव (55 किलो), अविनाश कुमार (60 किलो), प्रकाश सिंह बादल (63 किलो), मिथिलेश कुमार यादव (67 किलो), दिलीप कुमार (72 किलो), राहुल कुमार (77 किलो), भीष्म कुमार (82 किलो), राजीव रंजन (87 किलो), नीरज कुमार पांडे (97 किलो), विवेक कुमार चौधरी (130 किलो) भाग लेंगे।

ग्रीको रोमन (बी टीम) के खिलाड़ियों के नाम इस प्रकार हैं – सुजीत कुमार (55 किलो), सौरव कुमार (60 किलो), मृत्युंजय चौधरी (63 किलो), नरेंद्र कुमार ( 67 किलो), मदन चौधरी (72 किलो), राजू कुमार (77 किलो), प्रदुम पांडे (82 केजी), बबन कुमार यादव (87 किलो), अजित कुमार (97 किलो), शुभम शर्मा (130 किलो)। कोच : नवल कुमार वर्मा व मनीष कुमार।