झारखंड में डेल्टा प्लस म्यूटेंट ने बढ़ाई राज्य सरकार की चिंता, केंद्र सरकार ने किया अलर्ट..

झारखंड में कोरोना के दूसरी लहर में डेल्टा म्यूटेंट के बाद अब डेल्टा प्लस म्यूटेंट ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र, केरल और आंध्र प्रदेश में डेल्टा प्लस की पुष्टि होने के बाद झारखंड को भी सावधान किया है। झारखंड को सावधान करते हुए विशेष एहतियात बरतने को कहा है। बता दे कि केंद्र सरकार ने झारखंड सरकार को पत्र भेजा है। जिसमें लिखा है कि डेल्टा प्लस के कारण तीसरी लहर के आने की आशंका है। ऐसे में इसकी रोकथाम के उपायों पर जोर देने की जरूरत है। इसके लिए केंद्र सरकार ने व्यापक स्तर पर कोरोना वायरस मरीजों के सघन और त्वरित कॉन्टैक्ट टेस्टिंग कर जांच करने को कहा है। साथ ही टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने को कहा है।

केंद्र सरकार ने कहा है कि भीड़ को रोकने और कोरोना प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करे। वही राज्य सरकार भी इसको लेकर सजग है और इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। रांची के रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के HOD डॉ मनोज कुमार का कहना है कि कोरोना गाइडलाइंस का पालन ही इससे बचाव है। इसलिए लापरवाही नहीं बरते। जिन इलाकों में डेल्टा प्लस वैरिएंट के मरीज मिले है, वहां पॉजिटिविटी रेट काफी अधिक है।

झारखंड के 5 जिले रांची, जमशेदपुर, धनबाद, हजारीबाग और पलामू से भेजे गए 328 सैंपल में से 204 में डेल्टा, 63 में कप्पा, 29 में अल्फा और 32 में अन्य वेरिएंट मिले है। डेल्टा वैरिएंट के मामले सबसे ज्यादा जमशेदपुर में 86, हजारीबाग में 39, धनबाद में 32, रांची में 26 और पलामू में 21 मामले मिले है।