झारखंड में आज कोरोना से संक्रमित 8075 नए मरीज मिले, 4362 ​हुए स्वस्थ; 149 मौतें..

झारखंड में आज 8,075 नए कोरोना संक्रम‍ित मरीज मि‍ले हैं। वहीं 24 घंटे के भीतर 4362 मरीज स्वस्थ भी हुए। हालांकि इस बीच 149 मरीजों की मौत इलाज के क्रम में हो गई। राजधानी रांची में तो आज 1,771 नए कोरोना संक्रमित मिले। यह एक दिन में मिलनेवाले मरीजों की अबतक की सर्वाधिक संख्या है। रांची में 24 घंटे के भीतर 748 मरीज स्वस्थ हुए, जबकि 46 मरीजों की मौत इलाज के क्रम में हो गई।

जांच में हर चौथा व्‍यक्ति मिल रहा कोरोना पॉजिटिव..
झारखंड में कोरोना संक्रमण को रोकने और इस चेन को तोड़ने के लिए लगाए गए आंशिक लॉकडाउन ने भले ही स्थिति को हाथ से निकलने न दिया हो लेकिन हालात अभी भी संतोषजनक नहीं है। राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति चिंताजनक है, जांच में हर चौथा-पांचवा व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया जा रहा है। पांच से छह हजार लोगों का प्रतिदिन संक्रमित पाया जाना चेताने वाला आंकड़ा है। राज्य में पिछले एक सप्ताह का ग्रोथ रेट राष्ट्रीय औसत से तकरीबन दोगुने पर है। राष्ट्रीय स्तर पर ग्रोथ रेट 1.46 प्रतिशत है जबकि झारखंड में यह 2.72 फीसद पर है। जाहिर है, झारखंड देश के उन चुनिंदा राज्यों में है जहां संक्रमण की स्थिति संतोषजनक नहीं है। हाल के दिनों में हुई जांच और उसके सापेक्ष पाए गए संक्रमित मरीजों की संख्या का अनुपात घटने का नाम नहीं ले रहा है।

गत 22 अप्रैल को जब राज्य भर में विशेष जांच अभियान चलाया गया था तक जांच के सापेक्ष संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 10-11 फीसद था। जो 25 अप्रैल को सर्वाधिक 19.45 प्रतितशत तक पहुंच गया। मंगलवार को भी संक्रमित मरीजों का प्रतिशत 18.77 पाया गया। स्पष्ट है कि राज्य में होने वाले जांच में हर चौथा व पांचवा व्यक्ति संक्रमित पाया गया जा रहा है।