Coronavirus Update: 7 जनवरी को राज्य के इन 20 जिलों में होगा टीकाकरण का पूर्वाभ्यास..

देश में कोरोना वैक्सीन को मिली आपात मंजूरी के बाद अब टीकाकरण की तैयारी की जा रही है| इसी क्रम में झारखंड के छह जिलों में सफलतापूर्वक कोरोना टीकाकरण का पूर्वाभ्यास (ड्राई रन) संपन्न हुआ| इसके बाद अब राज्य के 20 जिलों में सात जनवरी को पूर्वाभ्यास किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित जिलों को इस दिशा में आदेश जारी कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक रांची तथा पलामू में ये पूर्वाभ्यास दोबारा होगा, वहीं अन्य 18 नए जिले हैं। हालांकि पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, पाकुड़ तथा चतरा में दोबारा पूर्वाभ्यास नहीं होगा। 7 जनवरी को होने वाला ये पूर्वाभ्यास सभी 20 जिलों के सदर अस्पतालों के अलावा सुदूर क्षेत्र में स्थित एक-एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित होगा।

इस दौरान टीकाकरण से संबंधित सभी गतिविधियों का पूर्वाभ्यास किया जाएगा, ना कि सिर्फ टीका पड़ेगा। ज्ञात हो कि इससे पहले दो जनवरी को राज्य के छह जिले- रांची, पलामू, पूर्वी सिंहभूम, चतरा, सिमडेगा तथा पाकुड़ में इसका पूर्वाभ्यास हुआ था। वहीं रांची और पलामू में पूर्वाभ्यास दोबारा इसलिए कराया जा रहा है क्योंकि 2 जनवरी को हुए पूर्वाभ्यास में कुछ कमियां रह गई थीं।

किन जिलों में होगा पूर्वाभ्यास..
7 जनवरी को जिन जिलों में टीकाकरण का पूर्वाभ्यास होगा उनमें- रांची, पलामू, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, दुमका, देवघर, जामताड़ा, साहिबगंज, गोड्डा, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, सरायकेला खरसावां, लातेहार, गढ़वा, गुमला, रामगढ़ तथा लोहरदगा शामिल है।