झारखंड में फिर बढ़ने लगा कोरोना, 2 दिन में मिले 145 संक्रमित..

रांची में डाउन पर पहुंचने के बाद काेराेना संक्रमण के केस अचानक बढ़ने लगे हैं। दाे दिन पहले 6 मार्च काे रांची में मात्र एक काेराेना संक्रमित मिला था। लेकिन 7 मार्च काे यह संख्या 17 पर पहुंच गई, 8 मार्च काे सीधे 75 पर पहुंच गई और 9 मार्च को 70 नए मरीज मिले। कोरोना संक्रमित मरीजों के बढ़ते मामलों के बीच ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में भी कमी आयी है। दो दिनों में सिर्फ 15 मरीज ही ठीक हुए हैं। जिसके बाद रांची जिला में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 187 हो गयी है। रांची सिविल सर्जन डॉ विनोद के अनुसार कुल मिले मरीजों में अधिकतर ट्रेन से आने वाले मरीज हैं। मुंबई, बंगलुरू, चेन्नई और ओडिशा की तरफ से आने वाले यात्रियों के सैंपल पॉजिटिव मिले हैं।

इसका नतीजा हुआ कि मात्र दाे दिनों में रांची में एक्टिव केस तीन गुना बढ़ गए। 6 मार्च काे रांची में कुल एक्टिव केस 44 हाे गया था, जाे मंगलवार काे बढ़कर 128 पर पहुंच गया। काेराेना संक्रमण अचानक बढ़ने से सबसे अधिक खतरा छाेटे बच्चों काे है, क्योंकि अगर घर के बड़े काेराेना संक्रमित हुए, ताे बच्चे उनके संपर्क में आएंगे ही। मरीजों को मास्क और सेनेटाइजर का प्रयोग करने, लगातार अंतराल में हाथ धोते रहने, शारीरिक दूरी का पालन करने के अलावा बेवजह भीड़-भाड़ में जाने से बचने की सलाह चिकित्सक दे रहे हैं।

साेमवार से जिले के प्ले स्कूूल सहित सभी स्कूलों काे भी खाेल दिया गया है। हालांकि, रांची जिला प्रशासन का स्पष्ट आदेश है कि कक्षा एक से ऊपर की ही क्लास चलेगी। लेकिन प्ले स्कूल संचालकों ने अपने स्तर से स्कूल खाेल दिया। इसलिए अभी भी मास्क-सैनेटाइजर और साेशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, नहीं ताे फिर मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

बाहर से लौटे हैं तो पहले खुद को करें आइसोलेट..
होली को लेकर दूसरे राज्यों से लौटने वाले यात्रियों को सावधान रहने की आवश्यकता है। डॉक्टरों ने कहा कि एहतियात के तौर पर बाहर से घर लौटने वाले पहले दो दिनों तक खुद को आइसोलेट रखें। बच्चों और बुजुर्गों से अधिक संपर्क में न आएं। दो दिनों तक किसी तरह की परेशानी या लक्षण नहीं मिले तब ही लोगों के संपर्क में आएं। उन्होंने कहा कि वैसे लोगों को अधिक घबराने की जरुरत नहीं है पर एहतियात का पालन करते रहना चाहिए।

आरटीपीसीआर में सिर्फ तीन मिले पॉजिटिव..
सिविल सर्जन (सीएस) डॉ विनोद ने इस संबंध में बताया कि बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों के बीच राहत वाली बात यह है कि मंगलवार को पाए गए 75 कोरोना मरीजों में सिर्फ तीन लोग ही आरटीपीसीआर जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शेष नेगेटिव हैं। उन्होंने बताया कि स्टेशन में आने वाले यात्रियों का रैपिड एंटीजेन जांच किट से जांच कराया जाता है। पॉजिटिव मिलने वाले सभी मरीजों का आरटीपीसीआर जांच किया जाता है। जिसमें अधिकतर नेगेटिव मिल रहे हैं।