गढ़वा के कनहर नदी पर होगा पुल निर्माण, झारखंड-छत्तीसगढ़ की दूरी होगी कम..

गढ़वा जिले के चिनिया प्रखंड में बहने वाली कनहर नदी पर पुल का निर्माण किया जाएगा। झारखंड सरकार ने इसके लिए स्वीकृति दे दी है। इसे लेकर टेंडर भी हो चुका है। ये पुल का निर्माण इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि ये पुल गढ़वा को छत्तीसगढ़ से जोड़ेगा।

गढ़वा विधायक और झारखंड सरकार में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि गढ़वा के लोग पुल निर्माण की मांग लंबे समय से कर रहे थे। इस पुल का निर्माण होने के बाद गढ़वा से छत्तीसगढ़ की दूरी कम हो जाएगी। इससे रामचंद्रपुर, अंबिकापुर आदि जगहों पर जाने में भी आसानी होगी। साथ ही उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ की दूरी भी कम हो जाएगी।

मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग ने इस पुल के निर्माण की स्वीकृति दे दी है। 246 मीटर लंबे पुल का निर्माण लगभग 9 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। पुल निर्माण का काम 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।