बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर किया धरना-प्रदर्शन..

फेडरेशन ऑफ बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ यूनियन के निर्देश पर आज देश भर में बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। देश के 54 जोनल मुख्यालय और झारखंड के पांच जोनल मुख्यालय के बाहर यह प्रदर्शन कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर किया।

झारखंड के रांची जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग जोनल मुख्यालय के बाहर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। झारखण्ड के ये सभी पांच बैंक ऑफ इंडिया के जोनल मुख्यालय के बाहर बैंक ऑफ इंडिया इम्प्लाइज यूनियन, झारखंड राज्य के कर्मचारी पोस्टर-बैनर के साथ प्रदर्शन करते नज़र आए। झारखंड में 2200 कर्मचारी कार्यरत हैं और सभी ने इस प्रदर्शन का समर्थन किया।

झारखण्ड में बैंक ऑफ़ इंडिया के विभिन्न शाखाओं के सभी कर्मचारी आज काला बिल्ला लगाकर विरोध का सहयोग करते दिखे। बैंक ऑफ इंडिया इम्प्लाइज यूनियन, झारखंड स्टेट के उपमहासचिव सपन कुमार अदक का कहना है कि हम कई सालों से अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। पिछले दिनों मुख्य श्रमायुक्त दिल्ली व मुख्य श्रमायुक्त मुंबई ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए बैंक प्रबंधन और इम्प्लाइज यूनियन के बीच वार्ता भी शुरू की, लेकिन बैंक प्रबंधन की तरफ से अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई। ऐसे में बैंक यूनियन द्वारा पांच अक्टूबर को एक दिवसीय हड़ताल की गई। प्रदर्शन के दौरान हमने बैंक के कामकाज को किसी तरह से प्रभावित नहीं किया।