हज़ारीबाग़ में एक और केरोसिन ब्लास्ट, एक महिला घायल..

हज़ारीबाग़ में केरोसिन ब्लास्ट का एक और मामला सामने आया है। रविवार को एक और महिला केरोसिन ब्लास्ट की चपेट आ कर घायल हो गयी। घायल महिला का नाम मेनवा देवी है और वो हज़ारीबाग़ स्थित तरवां गाँव की निवासी है। घटना के बाद घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए एचएमसीएच में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक प्रतिनिधि एवं जिले के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल महिला का हाल चाल जाना। साथ ही अधिकारीयों द्वारा चिकित्सकों को इलाज में किसी तरह की कोताही नहीं करने का निर्देश दिया है।

गौरतलब है कि केरोसिन विस्फोट मामले में अब तक एक बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो चुकी है और वहीं 15 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। आपको बता दें कि पूर्व की घटना के बाद डीसी द्वारा स्थानीय प्रशासन को निर्देश जारी किया गया था कि जो भी केरोसिन बांटे गए हैं, उन्हें जल्द से जल्द ज़ब्त कर लिया जाए। साथ ही प्रशासन ने जनता से अपील की है कि जो केरोसिन है, उसका इस्तेमाल ना करें। हालांकि प्रशासन की ये अपील बेअसर साबित हो रही है।

केरोसिन विस्फोट का ये मामला बेहद संवेदनशील हो चुका है। विधानसभा के बजट सत्र में भी ये मामला लगातार उछाला जा रहा है। विपक्ष इसे लेकर हंगामा भी कर रही है। वहीं, मुख्यमंत्री की ओर से इस घटना में मृतकों के लिए 4-4 लाख रुपए मुआवजा का भी ऐलान किया है।