बोकारो : गरगा नदी में नहाने के दौरान हुआ हादसा, छात्र नदी में बहा, तलाश जारी..

बोकारो में गरगा नदी की तेज धार में एक 12 वर्षीय बच्चे की बहने की खबर है। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण गरगा डैम का फाटक शनिवार को खोला गया, इससे गरगा नदी में पानी का बहान काफी तेज था। मिली जानकारी के अनुसार वह चार बच्चों के साथ नहाने गया था। पांचों बच्चों ने एक साथ नदी में छलांग लगाई थी। जिसमें से चार बच्चे बाहर निकले और एक पानी की तेज धार में बहने लगा। देखते ही देखते वह बच्चा पानी की तेज धार में फंस गया और कुछ ही देर में नजरों से ओझल हो गया। बच्चा बालीडीह थाना क्षेत्र का बताया जाता है। घटना सिवनडीह को मखदुमपुर से जोड़ने वाले पुल के पास हुई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक जो बच्चा डूबा है फैजान अहमद (14) है। फैजान अहमद मखदुमपुर मिल्लत नगर रहता था। वो परिवार में इकलौता पुत्र था। फैजान के पिता अब्दुल हुसैन पेंटर हैं और दिल्ली में जॉब करते हैं। परिजनों ने प्रशासन से जल्द खोजने की मांग की है। इधर जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची और खोजबीन में लग गयी। लेकिन अबतक कोई सुराग नहीं मिला है। समाजसेवी मसकुर आलम सिद्दीकी ने सीओ से संपर्क कर एनडीआरएफ की टीम बुलाने का आग्रह किया है।