गिरिडीह: खाई में गिरी तेज रफ्तार कार, एक दंपति समेत चार लोगों की मौत..

गिरिडीह के बगोदर क्षेत्र में जीटी रोड पर शनिवार को एक तेज रफ्तार कार का टायर फट गया। टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार दंपती समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी लोग बगोदर थाना क्षेत्र के कुदर गांव के रहने वाले थे। ये लोग कुछ खरीदारी करने के लिए बगोदर के बाजार जा रहे थे। इसी दौरान 20 मील के पास ये हादसा हो गया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने बताया कि मरने वालों में 60 वर्षीय शेख़ आजम, 55 वर्षीय उनकी पत्नी आसमीन खातून, 26 वर्षीय मो. आमीर शेख और 24 वर्षीय मो. हसनैन शेख शामिल हैं। वहीं, ममूल रजा घायल हैं। घायल को रिम्स रेफर कर दिया गया है।