झारखंड में मिले 155 नए कोरोना संक्रमित, रांची में 1002 कोरोना एक्टिव मरीज..

झारखंड में बीते 24 घंटों में 155 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पहचान की गई। हालांकि राहत की बात ये है कि पिछले दिनों से ये संख्या काफी कम है। लेकिन रांची और जमशेदपुर में स्थिति अब भी गंभीर है। सोमवार को जांच के क्रम में सबसे अधिक रांची में 62 और जमशेदपुर में 50 नए मामले सामने आए हैं। वहीं राज्‍य में कोरोना संक्रमण से कोई मौत दर्ज नहीं की गई है।

इससे पहले बीते दिन रविवार को एक साथ कोरोना से 3 मौतें और कुल 314 संक्रमितों की पहचान की गई थी। बात करें पूरे राज्य की तो वर्तमान में झारखंड में 1871 सक्रिय मामले है। इनमें से 1002 केवल रांची से हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1,22,935 हो गई है, जिनमें से 1,19,954 ठीक हो चुके हैं।

किस जिले में कितने मरीज
पूरे राज्य में आंकड़ों की बात करें तो रांची में 62, पूर्वी सिंहभूम में 50, साहेबगंज में 9, बोकारो में 8, धनबाद में 8, सिमडेगा में 6, देवघर में 1, दुमका में 2, गोड्‌डा में 4, हजारीबाग में 2, पश्चिमी सिंहभूम में 2, जामताड़ा में 1, कोडरमा में 1, पाकुड़ में 1, रामगढ़ में 1 केस मिला है।