13 IPS अधिकारियों का तबादला, पाकुड़-हजारीबाग-चतरा-कोडरमा के एसपी बदले गए..

झारखंड के 13 आइपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। राज्य सरकार ने सात जिलों के एसपी सहित 13 आइपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। गुरुवार की देर रात गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी। जिन जिलों के एसपी बदले हैं, उनमें हजारीबाग, पाकुड़, लातेहार, गुमला, कोडरमा, गढ़वा व चतरा शामिल हैं। वहीं बोकारो रेंज की आईजी प्रिया दुबे को सरकार ने हटा दिया है, उनसे दुमका रेंज का प्रभार भी ले लिया गया है। अब वह आईजी प्रशिक्षण होंगी।

हजारीबाग के एसपी कार्तिक एस को सीआईडी एसपी बनाया गया है, राज्यपाल के एडीसी रहे मनोज रतन चोथे को हजारीबाग एसपी के पद पर पदस्थापित किया गया है। पाकुड़ एसपी मणिलाल मण्डल को स्थानांतरित करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में एसपी बनाया गया है। एसपी सीआईडी अंजनी कुमार झा को गढ़वा एसपी और लातेहार एसपी प्रशांत आनन्द को आतंकवाद निरोधी दस्ता में एसपी बनाया गया है। गुमला एसपी हृदीप पी जर्नादनन पाकुड़ के एसपी बनाये गए हैं। कोडरमा एसपी एहतेशाम वकारिब को गुमला एसपी बनाया गया है। गढ़वा एसपी श्रीकांत सुरेशराव खोत्रे, मा०पु०से० को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (एस०सी०आर०बी०) में एसपी के पद पर पदस्थापित किया गया है।

रांची के ट्रैफिक एसपी अंजनी अंजन को एसपी लातेहार बनाया गया है। चतरा एसपी ऋषभ कुमार झा को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक पुलिस अधीक्षक रेल जमशेदपुर के पद पर पदस्थापित किया गया है। जमशेदपुर के सिटी एएसपी कुमार गौरव को कोडरमा एसपी पद पर पदस्थापित किया गया है। अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के पद पर रहे राकेश रंजन को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक एसपी चतरा के पद पर पदस्थापित किया गया है।