Headlines

राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर रांची के विवेकानन्द सरोवर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन..

रामकृष्ण मिशन आश्रम, रांची तथा खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखण्ड सरकार के संयुक्त सहयोग से मंगलवार, 12 जनवरी को रांची शहर के विवेकानन्द सरोवर (बड़ा तालाब) में राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया| इस कार्यक्रम की शुरूआत भारतीय योगा एसोसिएशन, रांची की उपाध्यक्ष डॉ. परीणिता सिंह, ने कायास्थिरम का अभ्यास करवा कर की| इसके साथ ही उन्होंने मानवीय जीवन में योग के महत्व को समझाया। कार्यक्रम में आगे राम टीबी. सेनेटेरियम, रांची के सचिव स्वामी सत्संगानन्द महाराज, ने शिक्षानीति और विद्यार्थी चरित्र के बारे में अपने विचारों को व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी विचार के प्रचार के पहले उसे आत्मसात करना जरूरी है| इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थी जीवन में शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाते हुए उसे प्राप्त करने में खेलकूद के महत्व को बताया।

श्री जिशन कुमार, निदेशक, खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय ने स्वामी विवेकानन्द के जीवन पर कुछ प्रसंग बताते हुए युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने को कहा| वहीं रांची नगर निगम की महापौर श्रीमती आशा लकड़ा ने युवाओं को संबोधित करते हुए स्वामी जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का आग्रह किया एवं नारी शक्ति का सम्मान तथा समाज के विकास में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में रामकृष्ण मिशन रांची के सचिव स्वामी भवेशानन्द महाराज ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानन्द जी हमारे देश के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं। स्वामीजी के शिक्षा के प्रति विचारों को व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए तीन प्रकार की शिक्षा की आवश्यकता है पहला महाविद्यालयी शिक्षा, दूसरा कारीगरी शिक्षा तथा तीसरा नैतिक शिक्षा। उन्होंने भारत के विकास में झारखंड के महत्व को समझाते हुए, रामकृष्ण मिशन के योगदान पर प्रकाश डाला| उन्होंने कहा कि सबके विकास में ही समाज का विकास संभव है और इसके लिए आदमी के 3H, मतलब हाथ में हुनर, मस्तिष्क में ज्ञान और हृदय में सेवा भाव की आवश्यकता को समझाया। अंत में युवाओं से खुद बनो और बनाओ का आग्रह किया।

इस कार्यक्रम में रामकृष्ण मिशन, रांची के द्वारा स्वामी विवेकानन्द के जीवनी पर आधारित प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया| इसके अलावा रामकृष्ण मिशन विवेकानन्द शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थान, रांची के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों को प्रस्तुत किया गया। इस कार्यक्रम का सूत्र संचालन रामकृष्ण मिशन विवेकानन्द शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थान, रांची की छात्रा कुमारी अनुराधा तिग्गा और कुमारी खुशबू ने किया।

कार्यक्रम में रामकृष्ण मिशन आश्रम रांची के सभी सदस्य, खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय के सदस्य, राष्ट्रीय कैडेट कॉप्प्स, रांची के छात्र, भारतीय योग संघ के सदस्य एवं रामकृष्ण मिशन टी.बी. सेनेटेरियम के सदस्य आदि उपस्थित रहे ।