झारखंड में क्या कनकनी से लोगों को मिलेगी राहत, पढ़िए मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान..

राज्य में ठंड से फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली है. तापमान में गिरावट से कनकनी और बढ़ेगी. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में छह डिग्री तक की गिरावट देखने को मिल सकती है. आज गुरुवार से रांची समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन हवा और नमी के कारण तापमान में गिरावट, धुंध और कोहरा छाया रहेगा.

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी है कि पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गयी. इसमें सबसे ज्यादा बारिश झारखंड की राजधानी रांची में 1.8 मिमी रिकॉर्ड की गयी. बारिश के बाद गुरुवार से रांची समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन हवा और नमी के कारण तापमान में गिरावट, धुंध और कोहरा छाया रहेगा.

आज गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में चाईबासा का न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा. ये 13.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. झारखंड में अधिकतम तापमान जमशेदपुर का 28.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज गुरुवार को राज्य में मौसम की चेतावनी जारी नहीं की गयी है. हालांकि पश्चिमी विक्षोभ का एक चक्रवातीय क्षेत्र उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर के ऊपर बना हुआ है. इससे उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ेगा. इसका असर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है.

Source : PrabhatKhabar