रविवार से मिल सकती है ठंड से थोड़ी राहत पर इस तारीख से हो सकती है बारिश..

रांची समेत आसपास के इलाकों में शनिवार को मौसम साफ दिखा|सुबह धुंध देखने को नहीं मिली और सात बजे करीब पूरी तरह से धूप खिली गई। हालांकि पछुआ हवा के कारण कनकनी महसूस की गई। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है लेकिन 27 जनवरी से मौसम एक बार फिर से करवट ले सकती है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 26 जनवरी की रात से रांची समेत आसपास के इलाकों में हल्के बादल देखने को मिल सकते हैं।

मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक 27-28 जनवरी को राज्य में कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है।इसके साथ ही पछुआ हवा के कारण कनकनी में फिर से एक से दो दिनों के लिए इजाफा होगा। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा है। उधर झारखंड में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चाइबासा में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया औऱ सबसे कम न्यूनतम तापमान गिरिडीह में 06.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि हिमालय के भाग में एक नया पश्चिमी विक्षोभ तैयार हो रहा है, जिसका असर झारखंड में भी देखने को मिलेगा। 24 जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने मिल सकती है। राज्य में पलामू, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद और जामताड़ा में औसत न्यूनतम तापमान 07-08 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं बाकि अन्य जिलों का औसत न्यूनतम तापमान 09-10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।